ETV Bharat / state

प्रदेश में शीतलहर और कोहरे के बीच मावठ, 27 जिलों में स्कूलों की छुट्टी, पढ़ें IMD का अपडेट

न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ प्रदेश के कई जगहों पर सीजन की सर्द रात रही.

शीतलहर और कोहरे के बीच मावठ
शीतलहर और कोहरे के बीच मावठ (फोटो ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 9, 2026 at 1:17 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है. प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है. अलवर में शुक्रवार सुबह मावठ यानी हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई इलाकों में कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. इस बीच कहीं कहीं पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई है.

मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में घना कोहरा, शीतलहर और शीत दिवस की स्थिति बने रहने की संभावना है. अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, जयपुर, झुंझुनूं, कोटा, सीकर, टोंक, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर सहित अन्य जिलों को अलर्ट पर रखा गया है. कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है.

इसे भी पढ़ें: जयपुर समेत कई जिलों में कोहरे का पहरा, मौसम विभाग का अलर्ट... जानिए आगे क्या रहेगा हाल

इन इलाकों में दर्ज हुई मावठ : गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में अलवर, खैरथल-तिजारा , झुंझुनूं , हनुमानगढ़ , चूरू, सीकर , नागौर और कुचामन डीडवाना में कुछ जगहों पर रात को बारिश दर्ज की गई है. विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार झुंझुनूं में 5.0 मिलीमीटर , पिलानी में 4.2 एमएम (झुंझुनूं), लक्षमणगढ़ में 2.0 (सीकर), फ़तेहपुर में2.0 (सीकर), टपुकड़ा में 1.0 (अलवर), तिजारा में 1.0 (अलवर) और पश्चिमी राजस्थान के नागौर में 1.5 एमएम बारिश रिकार्ड की गई, इसके अलावा अन्य स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई.

सर्दी में अलाव का सहारा लेते लोग
सर्दी में अलाव का सहारा लेते लोग (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)

शीतलहर के साथ कोहरा जारी : ठंड के कहर के बीच प्रदेश के बीकानेर, भरतपुर और कोटा संभाग में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा. इस दौरान जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 4.6 और सिरोही में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा राज्य में आधा दर्जन से ज्यादा स्थान ऐसे रहे जहां 5 डिग्री के आसपास न्यूनतम तापमान रहा. इनमें वनस्थली में 5 डिग्री सेल्सियस , दौसा में 5.3 डिग्री सेल्सियस , लूणकरनसर में 5.6, माउंट आबू में 5.7 , श्रीगंगानगर और नागौर में 5.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.

राजधानी में बीती रात का तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा. आज सुबह राजधानी के बाहरी इलाकों में दृश्यता घटकर 100 से 200 मीटर तक रह गई. मौसम विभाग ने जयपुर और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है. नागौर, डीडवाना, जयपुर, सीकर, कोटपूतली, अलवर और खैरथल में बूंदाबांदी हो सकती है. आगामी 1 से 2 दिनों तक घना से अति घना कोहरा और कहीं-कहीं शीत दिवस की स्थिति बने रहने की आशंका है. 10 जनवरी के बाद प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में शीतलहर और तेज हो सकती है. मौसम विभाग के दो सप्ताह के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, सुबह के समय घना या अति घना कोहरा और शीत दिवस की स्थिति दर्ज की जा सकती है. पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं अतिशीत दिवस भी देखने को मिल सकता है. दूसरे सप्ताह में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. इस दौरान कुछ इलाकों में दृश्यता 100 मीटर से भी कम हो सकती है. अधिकतम तापमान पहले और दूसरे सप्ताह में सामान्य के आसपास रहने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें: प्रदेश में सर्दी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, माउंट आबू में पारा माइनस में पहुंचा, 23 जिलों में IMD का अलर्ट

27 जिलों में स्कूलों का अवकाश : शीतलहर को देखते हुए प्रदेश के 27 जिलों में स्कूलों में अवकाश जारी है. जोधपुर में स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कर दिया गया है. भरतपुर में कक्षा 1 से 8 तक 10 जनवरी तक, पाली में कक्षा 5 तक 12 जनवरी तक और भीलवाड़ा में कक्षा 5 तक 10 जनवरी तक छुट्टियां घोषित की गई हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है.

बाड़मेर में स्कूल की छुट्टियों को दो दिन आगे बढ़ाया : थार में अब सर्दी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. 48 घंटों में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री गिरकर 8.6 डिग्री पर पहुंच गया है, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है. शीत लहर को देखते हुए बाड़मेर जिला कलेक्टर टीना डाबी ने 8वी तक स्कूल कि छुट्टियों को दो दिन ओर आगे बढ़ा दिया है. जिसके चलते अब 9 और 10 जनवरी को अवकाश रहेगा. इससे पहले उन्होंने दो दिन का अवकाश घोषित किया था लेकिन सर्दी के बढ़ते असर ओर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर छुट्टियों को दो दिन ओर आगे बढ़ाकर बच्चों को राहत प्रदान की गई है.