ETV Bharat / state

जानें अगले 48 घंटे कैसा रहेगा मौसम, जनवरी में दूसरे हफ्ते बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड, IMD ने जारी किया अलर्ट

प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच ठंडी हवाओं का प्रभावी असर बना रहेगा.

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 27, 2025 at 2:48 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : प्रदेश में सुबह और शाम की ठंड का दौर तेज हो चुका है. इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में पाला जामना भी शुरू हो गया है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले सप्ताह के मध्य तक राज्य में तेज सर्दी और शीत लहर चलने की आशंका है. इसके साथ ही प्रदेश के उत्तर पूर्वी हिस्से के 11 जिलों के लिए सर्दी का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार सीकर, जयपुर, नागौर समेत कुछ शहरों में बीते 48 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. राज्य के शेखावाटी क्षेत्र के सीकर, चूरू और झुंझुनू से साथ ही नागौर, अलवर , करौली , धौलपुर और भरतपुर जैसे जिलों में ठंड का प्रभावी असर नजर आ रहा है.

8 जनवरी तक ऐसा रहेगा मौसम : प्रदेश में जारी ठंड के असर के बीच मौसम विभाग ने अगले दो सप्ताह के लिए पूर्वानुमान जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ के नए सिस्टम के कारण 30 दिसंबर से उत्तर भारत प्रभावित हो सकता है. इसके चलते उत्तरी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी या बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने दो सप्ताह का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके अनुसार 8 जनवरी 2026 तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. विभाग का मानना है कि 8 जनवरी तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तापमान सामान्य के आसपास ही रहेगा.

इसे भी पढ़ें: राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर, अगले दो दिन शीतलहर की चेतावनी

आगामी दो सप्ताह के लिये अधिकतम तापमान के पूर्वानुमान को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि प्रथम सप्ताह के दौरान राज्य के उत्तरी भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री अधिक रहने की संभावना है, शेष भागों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है. वहीं दूसरे सप्ताह के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है. वहीं पहले हफ्ते के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि जनवरी के दूसरे सप्ताह के दौरान राज्य के उत्तरी भागों में कहीं कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी की सम्भावना है, जबकि बाकी के हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है.

करौली में सबसे कम तापमान : राजस्थान में दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखी गई, जबकि रात के तापमान में कई जिलों में ठंडक बनी रही. पूर्वी राजस्थान में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस के साथ चित्तौड़गढ़ में दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस करौली में रिकॉर्ड हुआ, जो क्षेत्र में सबसे कम रहा. अजमेर में अधिकतम तापमान 24.8 और न्यूनतम 7.9 डिग्री रहा. जयपुर में दिन का तापमान 23.7 और रात का तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

पश्चिमी राजस्थान में बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं पाली में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. जैसलमेर में अधिकतम तापमान 27.5 और न्यूनतम 11.0 डिग्री रहा, जबकि बीकानेर में दिन का तापमान 26.0 और रात का तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में अधिकतम तापमान 19.7 और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यहां ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है. सुबह और शाम के समय सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बनी हुई है.

इसे भी पढ़ें: राजस्थान में सर्दी का सितम जारी, कई जिलों में घना कोहरा, विजिबिलिटी @ 20 मीटर

उदयपुर शहर में कड़ाके की सर्दी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है. शुक्रवार को इस सीजन का अब तक का सबसे सर्द दिन दर्ज किया गया. बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री गिरकर 23.9 डिग्री सेल्सियस रह गया. खास बात यह है कि दो दिनों के भीतर दिन के तापमान में कुल 4.8 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है. दूसरी ओर न्यूनतम तापमान में भी तेज गिरावट देखी गई. रात का पारा 2.5 डिग्री फिसलकर 9.1 डिग्री तक सिमट आया. हालांकि यह सामान्य न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री के मुकाबले महज 0.3 डिग्री ही कम रहा, लेकिन ठंडी हवाओं ने सर्दी का अहसास कई गुना बढ़ा दिया. इससे पहले 4 दिसंबर को दिन का तापमान 24.1 डिग्री के निचले स्तर पर दर्ज किया गया था.