ETV Bharat / state

विधानसभा सत्र 2026: शून्यकाल में साइबर ठगी, तालाबों पर अतिक्रमण और बढ़ते नशाखोरी के मुद्दे उठे

शिव विधायक रविंद्र भाटी ने कहा कि राजस्थान साइबर ठगी का हब बन गया है. सरकार को बड़ी टीम बनाकर कार्रवाई करनी चाहिए.

rajasthan vidhansabha
राजस्थान विधानसभा (Courtesy: rajashtna Vidhansabha)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 16, 2026 at 3:21 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

जोधपुर: राजस्थान विधानसभा में सोमवार को विधायकों ने शून्यकाल में साइबर ठगी, तालाबों पर अतिक्रमण और बढ़ते नशाखोरी के मुद्दे उठाए. नोहर विधायक अमित चांचण ने नेठाणा गांव में 12 साल के बालक की हत्या का मामला उठाया, जबकि गंगापुर विधायक रामकेश ने नशाखोरी के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई. शिव विधायक रविंद्र भाटी ने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर सरकार को घेरा और कालीचरण सर्राफ ने नीरजा मोदी स्कूल की सीबीएसई मान्यता रद्द होने के बाद विद्यार्थियों के भविष्य का मामला उठाया. विधायकों ने सरकार से इन मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की।

नोहर विधायक अमित चांचण ने कहा कि उनके क्षेत्र के नेठाणा गांव में 12 साल के बालक अभिषेक शर्मा की हत्या कर शव कुएं में डाल​ दिया गया. घटना के सात दिन बाद भी आरोपियों का पता नहीं लग सका. इससे क्षेत्रवासियों में रोष है, ग्रामीण धरने दे रहे हैं. बयाना विधायक ऋतु बनावत ने अतिवृष्टि से फसल खराबे का मामला उठाते हुए कहा कि मुआवजा वितरण में असमानता हो रही है. कामां विधायक नौक्षम चौधरी ने ब्रज परिक्रमा के रास्ते के सतवास गांव में सड़क निर्माण नहीं होने का मामला उठाया. विधायक ने कहा कि अधिकमास में ब्रज परिक्रमा में लोगों की संख्या बढ़ेगी. सतवास ग्राम में सड़क का निर्माण नहीं होने से श्रद्धालुओं को परेशानी होगी. साथ ही विधायक ने परिक्रमा मार्ग से अतिक्रमण हटाने की भी मांग की. हनुमानगढ़ विधायक गणेश बंसल ने सरकारी भूमि पर बने धार्मिक स्थलों के पट्टे बनाने की मांग की गई. इसके अभाव में इनके विधिक संचालन में परेशानी होती है. राज्य में गैर-विवादित धार्मिक स्थलों के स्वामित्व के प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की.

शून्यकाल में उठे कई मुद्दे (ETV Bharat Jodhpur)

पढ़ें: सदन में गूंजे किसानों के मुद्दे, सरकार ने माना क्रॉप इंश्योरेंस में हुआ घोटाला, SOG से होगी जांच

राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने राजसमंद जिले में हिंदुस्तान जिंक की माइनिंग का मामला उठाया. कोटा उत्तर के विधायक संदीप शर्मा ने कोटा के तालाबों पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाया, जिस पर नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि 21 तालाब होने की जानकारी सामने आई है. कई तालाबों का अस्तित्व नहीं है. खर्रा ने कहा कि प्रदेश के अन्य नगर निकाय में ऐसे हालात नहीं हों, इसलिए एक आदेश जारी कर वर्तमान में प्रदेश के सभी नगर निकायों और विकास प्राधिकरण क्षेत्रों में वर्तमान में मौजूद तालाबों की स्थिति मंगवाएंगे. वर्तमान में अतिक्रमण से मुक्त तालाबों को बचाने के लिए काम करेंगे.

पुलिस करवा रही नशाखोरी: गंगापुर विधायक रामकेश ने उनके क्षेत्र में हो रहे स्मेक, गांजा और अफीम का अवैध कारोबार का मामला उठाया. विधायक ने कहा कि इसका दायरा केवल गंगापुर नहीं है, पूरा सवाई माधोपुर जिला चपेट में आ रहा है. तेजी से नशाखोरी फैलने के परिणामस्वरूप क्षेत्र में अपराध बढ़ रहा है. आए दिन लूट, खसोट, हत्याएं और डकैती बढ़ रही हैं. विधायक ने आरोप लगाया कि यह अकेले नशा का काम करने वालों से नहीं हो रहा है, पुलिस की मिलीभगत से यह कारोबार फैल रहा है. युवाओं के भविष्य को अंधकार में डाला जा रहा है. विधायक ने कहा कि सरकार को चाहिए कि भरतपुर संभाग की कानून व्यवस्था सुधारें. इसके अभाव में नशाखोरी युवाओं को नुकसान दे रही है.

बढ़ रहे हैं साइबर अपराध: शिव विधायक रविंद्र भाटी ने प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराध का मामला उठाते हुए कहा कि राजस्थान साइबर ठगी का हब बन गया है. इस मामले में प्रदेश देश में सबसे पहले पायदान पर है. विधायक ने कहा कि 2025 में प्रदेश में एक लाख 27 हजार शिकायतें सामने आई, जबकि 2024 में एक लाख शिकायतें थीं, लेकिन खेद का विषय है कि इतनी शिकायतों के बावजूद एक फीसदी भी शिकायतों पर एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है. थाने में जाने वालों को साइबर थाने भेजने के नाम पर फुटबॉल बनाया जा रहा है. सरकार को 350 लोगों को बड़ी साइबर सेल टीम बनाने की अपनी योजना पर काम करना चाहिए.

यह भी पढ़ें: विधानसभा सत्र 2026 : विधायकों ने उठाए कई मुद्दे, बी ग्रेड भर्ती में साक्षात्कार बंद करने की मांग

5500 विद्यार्थियों का भविष्य अधर में: मालवीयनगर विधायक कालीचरण सर्राफ ने नीरजा मोदी स्कूल की सीबीएसई की मान्यता हटाए जाने के बाद के हालात का मामला उठाया. उन्होंने कहा कि आमयरा की मृत्यु के बाद जांच में पाया गया कि स्कूल प्रशासन द्वारा सुरक्षा प्रबंधन में कमी रखी गई थी. इसके चलते सीबीएसई ने विद्यालय की मान्यता रद्द कर दी गई. मान्यता रद्द होने से 5500 विद्यार्थियों का भविष्य अधर में है. इनके परिजन परेशान हैं. सरकार को चाहिए कि वह इसमें हस्तक्षेप करें, जिससे छात्रों को परेशानी न हो. विधायक ने कहा कि कार्रवाई तो स्कूल प्रबंधन और अध्यापकों के खिलाफ होनी चाहिए थी, उनके खिलाफ मामला दर्ज करना चाहिए था. लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

गलत जवाब देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें: बसेड़ी विधायक संजय कुमार ने अपने विधानसभा क्षेत्र की नगर पालिका में डीग से ही कनिष्ठ अभियंता लगाने का मामला उठाया और कहा कि 4 साल में एक जगह से कनिष्ठ अभियंता को बार-बार वहां से लगाया जा रहा है, जबकि आसपास की नगरपालिकाओं से भी लगाया जा सकता है. इसमें भ्रष्टाचार की गंध आ रही है. सरकार को जांच करानी चाहिए. विधायक ने कहा कि उन्होंने जब चौथे सत्र में इसे लेकर प्रश्न लगाया गया तो इसकी गलत जानकारी विधानसभा को दी गई. नगरीय विकास मंत्री इस पर संज्ञान लेते हुए संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करें. बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा ने माली कुशवाहा समाज द्वारा किए गए आंदोलन के दौरान राजनीतिक रूप से दर्ज किए गए युवाओं के खिलाफ मामले वापस लेने का मामला उठाया और कहा कि पूर्व में इस पर सरकार ने आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक इस पर अमल नहीं हुआ.