ETV Bharat / state

लोककला, संस्कृति, एडवेंचर का कॉम्बो ऑफर, सांभर महोत्सव 27 से

पर्यटन विभाग ने 27 दिसंबर से शुरू होने वाले सांभर महोत्सव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं.

सांभर महोत्सव
सांभर महोत्सव (सौजन्य - राजस्थान पर्यटन विभाग)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 17, 2025 at 1:27 PM IST

|

Updated : December 17, 2025 at 1:55 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : राजस्थान की ऐतिहासिक और विश्वविख्यात नमक नगरी सांभरलेक एक बार फिर पर्यटन, संस्कृति और रोमांच का संगम बनने जा रही है. राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से 27 से 31 दिसंबर 2025 तक सांभर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. पांच दिवसीय इस सांभर महोत्सव का उद्देश्य देसी-विदेशी सैलानियों को राजस्थान की समृद्ध लोक कला, संस्कृति और अनूठी प्राकृतिक विरासत से रूबरू कराना है.

लोककला, संस्कृति, एडवेंचर का ले सकेंगे आनंद : पर्यटन विभाग के उप निदेशक उपेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि सांभर महोत्सव को उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी की परिकल्पना के अनुरूप विकसित किया जा रहा है. इसका उद्देश्य राजस्थान की जीवंत लोक संस्कृति, कला परंपराओं और विशिष्ट प्राकृतिक परिदृश्यों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना है. उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में सांभर महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन आयोजनों की श्रेणी में शामिल करने के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं. शेखावत ने बताया कि सांभर फेस्टिवल एक ऐसा फेस्टिवल है, जहां प्राकृतिक सौंदर्य, नमक, देसी-विदेशी पक्षी, एडवेंचर, लोक कला संस्कृति से सैलानी रूबरू हो सकेंगे. इसके साथ ही हेरिटेज वॉक, कैमल सफारी, स्टार गेजिंग आदि का सैलानी आनंद ले सकेंगे.

सांभर महोत्सव के बारे में दी जानकारी (ETV Bharat Jaipur)

पढे़ं. सांभर झील में औद्योगिक कचरे के केमिकल से मर रही मछलियां! जानिए जांच में क्या आया सामने

31 दिसंबर तक चलेगा महोत्सव : पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित सांभर महोत्सव 27 से 31 दिसंबर तक चलेगा. यहां सैलानियों के लिए ट्रेन से बर्ड वॉचिंग, साॅल्ट लेक विजिट, कैमल सफारी, हॉर्स सफारी, पैराग्लाइडिंग, पतंगबाजी, सांभर टाउन हेरिटेज वाॅक, साइक्लिंग टूर, फैंसी काइट फ्लाइंग, फोटोग्राफी कॉम्पिटिशन, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनका सैलानी भरपूर आनंद ले सकेंगे.

जनवरी 2025 में आयोजित सांभर महोत्सव को देशभर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी. इस महोत्सव में हरियाणा, दिल्ली, गुजरात और मुंबई सहित कई राज्यों से लाखों की संख्या में सैलानी पहुंचे थे. विदेशी सैलानियों की मौजूदगी से आयोजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली थी. इसी सफलता से उत्साहित होकर इस वर्ष महोत्सव को और बड़े व व्यापक स्तर पर आयोजित करने को लेकर नगर पालिका सांभर लेक में अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक में पर्यटन विभाग के उप निदेशक उपेंद्र सिंह शेखावत, उप जिला कलेक्टर ऋषिराज कपिल, तहसीलदार सृष्टि जैन, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी छगनलाल यादव सहित अनेक विभागों के अधिकारी और संस्थाओं के लोग मौजूद रहे.

Last Updated : December 17, 2025 at 1:55 PM IST