ETV Bharat / state

SI Paper Leak : कोचिंग संचालक और डेंटल क्लिनिक संचालक को एसओजी ने किया गिरफ्तार

जांच में खुलासा- लाखों रुपए में किया था पेपर का सौदा. दो अभ्यर्थी लीक पेपर पढ़कर बने एसआई.

Action in SI Paper Leak
आरोपी राकेश कुमार और दिनेश किलका (फोटो सोर्स : जयपुर एसओजी मुख्यालय)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 1, 2026 at 6:35 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजस्थान पुलिस में सब इंस्पेक्टर (एसआई) के पदों पर भर्ती के लिए हुई लिखित परीक्षा के पेपर लीक मामले में राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें से एक कोचिंग संचालक है और दूसरा डेंटल क्लिनिक चलाता है. दोनों आरोपियों ने एसआई भर्ती का लीक पेपर अभ्यर्थियों को पढ़वाया और लाखों रुपए बटोरे. अब एसओजी दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुटी है.

एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि एसआई भर्ती पेपर लीक मामले में कोचिंग संचालक दिनेश किलका और राकेश कुमार गुर्जर को गिरफ्तार किया गया है. दिनेश दांतारामगढ़ (सीकर) का रहने वाला है और शाहपुरा में एमडीए कोचिंग चलाता था. उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का ईनाम था, जबकि गोविंदपुरा (सीकर) का रहने वाला राकेश सीकर में डेंटल क्लिनिक चलाता है.

पढ़ें : SI Paper Leak 2021: पेपर लीक सरगना हर्षवर्धन का भाई पुष्पेंद्र गिरफ्तार, अभ्यर्थी को पढ़वाया था लीक पेपर

एक से 20 लाख, दूसरे से 16 लाख में सौदा : उन्होंने बताया कि एसओजी की जांच में सामने आया कि कोचिंग संचालक दिनेश किलका ने काकड़ावाली (जयपुर ग्रामीण) निवासी अविनाश पलसानिया और त्योद (जयपुर ग्रामीण) निवासी परमेश चौधरी को परीक्षा से पहले पेपर पढ़वाया था. उसने अविनाश से 20 लाख रुपए में और परमेश से 16 लाख रुपए में पेपर का सौदा किया. लीक पेपर पढ़कर अविनाश की 86 और परमेश की 180 रैंक आई. अविनाश को एसओजी ने 31 अगस्त, 2024 को और परमेश को 23 सितंबर, 2025 को गिरफ्तार किया. दिनेश फरार चल रहा था. जिस पर दस हजार रुपए का इनाम था.

पढ़ें : एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक:AAO ने अपने भाई के लिए 7.50 लाख रुपए में खरीदा पेपर, अब चढ़ा एसओजी के हत्थे

दिनेश से पूछताछ में सामने आया राकेश का नाम : उन्होंने बताया कि दिनेश किलका को एसओजी ने गिरफ्तार कर पूछताछ की तो सामने आया कि उसने सीकर में डेंटल क्लिनिक चलाने वाले राकेश से 35 लाख रुपए में पेपर का सौदा किया. दिनेश की सूचना पर राकेश को भी गिरफ्तार किया गया है. राकेश से पूछताछ में सामने आया कि उसने पेपर लीक सरगना अनिल उर्फ शेरसिंह मीना के गिरोह से जुड़े अरुण शर्मा से पेपर का सौदा किया था. उसके हैंडलर्स ने अविनाश और परमेश को परीक्षा से पहले पेपर दिया.

शेर सिंह के गुर्गे अरुण से जुड़ा कनेक्शन : एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि राकेश से पेपर का सौदा करने वाले अरुण शर्मा को एसओजी 11 जुलाई, 2024 को गिरफ्तार कर लिया था. एसओजी ने जिन दो आरोपियों दिनेश और राकेश की इस मामले में ताजा गिरफ्तारी की है. उन्हें कोर्ट में पेश कर 4 जुलाई तक रिमांड पर लिया गया है. उनसे पेपर लीक गिरोह के नेटवर्क के बारे में पूछताछ जारी है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों ने और किन अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले पेपर मुहैया करवाया था. एसआई भर्ती पेपर लीक मामले में एसओजी अब तक 149 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है.