ETV Bharat / state

राजस्थान PTET परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित, काउंसलिंग और कॉलेज अलॉटमेंट प्रक्रिया जल्द होगी शुरू

पीटीईटी-2026 परीक्षा का आयोजन 14 जून को प्रदेशभर में किया गया था, जिसमें 1 लाख 7 हजार 575 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे.

RAJASTHAN PTET RESULT 2026
डिप्टी सीएम ने टॉपर्स से फोन पर बात की (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : June 25, 2026 at 1:41 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजस्थान में बीएड पाठ्यक्रमों में प्रवेश का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (VMOU) कोटा ने प्री-टीचर एजुकेशन टेस्ट (पीटीईटी)-2026 का परिणाम जारी कर दिया है. अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट ptetvmoukota2026.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड और रैंक डाउनलोड कर सकते हैं. परिणाम जारी होने के साथ ही राज्य के बीएड कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया का रास्ता भी साफ हो गया है.

पीटीईटी-2026 परीक्षा का आयोजन 14 जून को प्रदेशभर में किया गया था. विश्वविद्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार परीक्षा के लिए कुल 1 लाख 26 हजार 600 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1 लाख 7 हजार 575 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए. परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अब राज्य के 935 बीएड कॉलेजों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

उप मुख्यमंत्री ने जारी किया परिणाम
उप मुख्यमंत्री ने जारी किया परिणाम (ETV Bharat Jaipur)

इसे भी पढ़ें- PTET 2026 : राजस्थान के बीएड कॉलेजों में प्रवेश के लिए एक लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, जयपुर में बनाया गया कमांड सेंटर

उप मुख्यमंत्री ने जारी किया परिणाम: पीटीईटी-2026 का परिणाम जयपुर स्थित क्षेत्रीय केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान घोषित किया गया. इस मौके पर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उन्होंने परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों से फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा देने का कार्य नहीं करता, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और उनके भविष्य को दिशा देने का भी महत्वपूर्ण दायित्व निभाता है. उन्होंने विश्वास जताया कि पीटीईटी-2026 में सफल हुए सभी अभ्यर्थी भविष्य में आदर्श और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक बनकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. बी.एल. वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.

PTET परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित
PTET परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित (ETV Bharat Jaipur)

एआई आधारित निगरानी से हुई परीक्षा: डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए इस बार आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया. परीक्षा केंद्रों की निगरानी एआई सॉफ्टवेयर आधारित सिस्टम और कमांड सेंटर के माध्यम से की गई. इसके चलते परीक्षा के दौरान नकल या किसी अन्य अनियमितता का कोई मामला सामने नहीं आया. उन्होंने परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और व्यवस्थापकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी.

इसे भी पढ़ें- PTET 2026: 14 जून को 1.26 लाख कैंडिडेट की परीक्षा, प्रदेश के 41 जिलों में 300 सेंटर

स्कोरकार्ड में मिलेगी यह जानकारी: अभ्यर्थी अपने रोल नंबर और जन्म तिथि की सहायता से स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. पीटीईटी स्कोरकार्ड में उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर, पिता का नाम, प्राप्तांक, प्रतिशत, रैंक और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध होंगी. पीटीईटी परीक्षा में सफल होने के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक यानी 300 अंक प्राप्त करना आवश्यक है, जबकि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत यानी 270 अंक निर्धारित किए गए हैं.

जुलाई से शुरू हो सकता है नया शैक्षणिक सत्र: परिणाम जारी होने के बाद अब काउंसलिंग और कॉलेज आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी. इस साल राज्य के बीएड पाठ्यक्रमों में कुल 1 लाख 7 हजार 40 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा. संभावना है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद नया शैक्षणिक सत्र जुलाई से प्रारंभ हो जाएगा. इस साल बीएड कॉलेजों में प्रवेश के लिए प्रतिस्पर्धा अपेक्षाकृत कम रह सकती है, क्योंकि उपलब्ध सीटों की संख्या और परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की संख्या लगभग समान है.

इसे भी पढ़ें- PTET 2026: चार साल में कैंडिडेट में 87 फीसदी गिरावट, आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी

ऐसे डाउनलोड करें पीटीईटी रिजल्ट

  • आधिकारिक वेबसाइट ptetvmoukota2026.in पर जाएं.
  • होमपेज पर उपलब्ध "PTET 2026 Result" लिंक पर क्लिक करें.
  • रोल नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज करें.
  • लॉग-इन करने के बाद रिजल्ट स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा.
  • स्कोरकार्ड डाउनलोड करें और भविष्य के उपयोग के लिए उसका प्रिंट आउट सुरक्षित रखें.

इसे भी पढ़ें- सरकारी B.ed कॉलेजों में दाखिले पर संकट, आज हो सकता है बड़ा फैसला , जानें पूरी स्थिति