ETV Bharat / state

राजस्थान निकाय चुनाव: 'आप' का घोषणा पत्र जारी, हर शहर में मोहल्ला क्लीनिक का वादा

'आप' ने नगर निकाय चुनाव का घोषणा पत्र में भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, मोहल्ला क्लीनिक, आधुनिक सफाई और पारदर्शी निर्माण अनुमति का वादा किया है.

'आप' ने घोषणा पत्र जारी किया
'आप' ने घोषणा पत्र जारी किया (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : September 2, 2026 at 7:46 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: प्रदेश में नगर निकाय चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपना चुनाव घोषणा पत्र जारी किया है. पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, स्वच्छ हवा-पानी, बेहतर सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण से मुक्ति और पारदर्शी नगरीय प्रशासन पर फोकस किया है. पार्टी नेताओं का दावा है कि भ्रष्टाचार के कारण स्थानीय निकाय जनता को वे सुविधाएं नहीं दे रहे हैं जिनकी उनसे अपेक्षा की जाती है. आप पार्टी का जोर स्थानीय प्रशासन को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने पर रहेगा.

बुधवार को पिंक सिटी प्रेस क्लब में पार्टी का घोषणा पत्र जारी करते हुए प्रदेश के चुनाव प्रभारी देवेंद्र शास्त्री ने कहा कि घोषणा पत्र में शिक्षा, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है. उन्होंने कहा कि आज स्कूलों में तैयार होने वाली पीढ़ी आने वाले समय में राजस्थान के शहरों और समाज का निर्माण करेगी. शास्त्री ने अपने घोषणा पत्र में निकायों में भ्रष्टाचार को एक बड़ी चुनौती बताया और आरोप लगाया कि कई सरकारी कामों के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं और बिना रिश्वत के काम होना मुश्किल हो गया है.

इसे भी पढ़ें- निकाय चुनाव 2026: क्षेत्रीय दलों की एंट्री से बढ़ी भाजपा-कांग्रेस की टेंशन, 10,245 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबला

हर शहर में मोहल्ला क्लीनिक का वादा: आप ने अपने घोषणा पत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को भी शामिल किया है. देवेंद्र शास्त्री ने कहा कि जिस शहर की जनता हमें प्रशासन की जिम्मेदारी देगी, वहां पर मोहल्ला क्लीनिक योजना लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा. सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नई मशीनरी और तकनीक के इस्तेमाल का वादा किया गया है, साथ ही सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात भी की गई है. घोषणा पत्र में रोजाना निकलने वाले कचरे का उसी दिन निस्तारण करने पर जोर दिया जाएगा ताकि शहरों में कचरे के ढेर और उससे पैदा होने वाले प्रदूषण की समस्या को कम किया जा सके.

निर्माण अनुमति होगी आसान और पारदर्शी: देवेंद्र शास्त्री ने कहा कि भवन निर्माण से जुड़ी अनुमति प्रक्रिया को भी पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में जगह दी है. निर्माण अनुमति की प्रक्रिया को सरल, प्रभावी और पारदर्शी बनाया जाएगा. देवेंद्र शास्त्री ने कहा कि प्रदेश में जनता भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों की मिलीभगत से त्रस्त है और जनता आम आदमी पार्टी की तरफ उम्मीद से देख रही है. राजस्थान में आम आदमी पार्टी तीसरा विकल्प बनने जा रही है. स्थानीय चेहरों पर खेला दांव: शास्त्री ने कहा कि जयपुर नगर निगम सहित प्रदेश के नगरीय निकायों में प्रत्याशी चयन में स्थानीय व्यक्ति को प्राथमिकता दी गई है. इसके अलावा शिक्षित, योग्य और ईमानदार लोगों को प्रत्याशी बनाया गया है. पार्टी ऐसे लोगों को चुनाव मैदान में उतारना चाहती है जो केवल चुनाव लड़ने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने वार्ड की समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए लगातार काम करें.

इसे भी पढ़ें- निकाय चुनाव: भवानीमंडी में पूर्व चेयरमैन रामलाल भाजपा छोड़ कांग्रेस में, झालरापाटन में 6 कांग्रेसी पार्षद 'आप' में शामिल