राजस्थान ने निवेश के क्षेत्र में भरी ऊंची उड़ान, 8वें से तीसरे स्थान पर पहुंचा प्रदेश
पहले यह आंकड़ा लगभग 1.10 लाख करोड़ रुपए था. वहीं, अब यह बढ़कर 4.65 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है.

Published : April 28, 2026 at 8:04 PM IST
जयपुर : राजस्थान में निवेश को लेकर सकारात्मक माहौल बनता नजर आ रहा है. सीएम भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के प्रयास अब रंग लाने लगे हैं. ताजा आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025 में राजस्थान ने निवेश के मामले में बड़ी छलांग लगाते हुए देश में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है. वित्त वर्ष 2024 में प्रदेश आठवें स्थान पर था.
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी प्रेसनोट के मुताबिक राज्य में कुल निवेश में चार गुना तक की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई है. पहले यह आंकड़ा लगभग 1.10 लाख करोड़ रुपए था. वहीं, अब यह बढ़कर 4.65 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है.
प्रदेश में चार गुना वृद्धि : मुख्यमंत्री कार्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार वित्त वर्ष 2025 में राजस्थान ने निवेश के मामले में देश में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है, जबकि वित्त वर्ष 2024 में प्रदेश आठवें स्थान पर था. राज्य में निवेश में चार गुना तक की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई है. उन्होंने कहा कि सिर्फ निवेश राशि ही नहीं, बल्कि प्रोजेक्ट्स की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है.
अब 873 प्रोजेक्ट्सः पहले जहां 501 प्रोजेक्ट्स दर्ज थे, अब यह संख्या बढ़कर 873 हो गई है. यह संकेत देता है कि विभिन्न सेक्टरों में विकास कार्यों को गति मिल रही है और औद्योगिक गतिविधियां तेज हो रही हैं. विशेष रूप से इंफ्रास्ट्रक्चर और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में बड़े निवेश सामने आए हैं. राजस्थान पहले से ही सौर ऊर्जा उत्पादन में अग्रणी रहा है, और अब इस क्षेत्र में नए निवेश राज्य को और मजबूत बना रहे हैं. सड़क, परिवहन और शहरी विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स भी निवेशकों को आकर्षित कर रहे हैं. इंडिया स्टेट की नवीनतम रिपोर्ट में इस वृद्धि का उल्लेख किया गया है. इसमें राजस्थान की प्रगति को प्रमुखता से दिखाया गया है.

