राजस्थान हाईकोर्ट में फिर बम ब्लास्ट की धमकी, मेल भेजने वाले का नहीं लग पा रहा सुराग
अब तक इसे भेजने वालों की जानकारी नहीं मिल पाई है, जिसके चलते वकीलों में काफी नाराजगी है.

Published : February 25, 2026 at 10:18 AM IST
जयपुर : राजस्थान हाईकोर्ट में एक बार फिर धमकी दी गई है. ई-मेल के जरिए हाईकोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. इससे पूर्व दस बार पहले भी यहां बम ब्लास्ट को लेकर धमकी भरे ई-मेल भेजे जा चुके हैं. मेल मिलने के बाद हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से पुलिस उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी गई.
हाईकोर्ट चौकी प्रभारी सुमेर सिंह के अनुसार सूचना पर जांच एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर हाईकोर्ट की मुख्य बिल्डिंग की गहनता से जांच की. जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर प्रशासन से राहत की सांस ली. आए दिन धमकी भरा मेल मिलने के बाद भी अब तक इसे भेजने वालों की जानकारी नहीं मिल पाई है, जिसके चलते वकीलों में काफी नाराजगी है. वकीलों का कहना है कि कभी यह धमकी वास्तविक घटना में बदल गई तो जान-माल का नुकसान हो सकता है. हाल ही में साइबर सुरक्षा को लेकर आयोजित कार्यशाला में भी हाईकोर्ट को दी जा रही बम ब्लास्ट का मुद्दा उठ चुका है.
पढे़ं. हाईकोर्ट की जयपुर और जोधपुर बेंच को बम ब्लास्ट की धमकी, थमी सुनवाई
सीजेआई सूर्यकांत की उपस्थिति में हाईकोर्ट के न्यायाधीश पुष्पेंद्र सिंह भाटी ने कहा था कि जिस तरह स्कूल में रोजाना घंटी बजती है, उसी तरह हाईकोर्ट में बम ब्लास्ट की धमकियां दी जाने लगी हैं. ऐसे में न्यायिक काम प्रभावित होता है, लेकिन यह ई-मेल कौन और कहां से कर रहा है, इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है.
पढ़ें. हाईकोर्ट की जयपुर-जोधपुर बेंच एवं अजमेर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मुख्य पीठ को पहली बार
बता दें कि हाईकोर्ट प्रशासन को सबसे पहले गत वर्ष 31 अक्टूबर को बम विस्फोट की पहली धमकी मिली थी. इसके बाद 5 दिसंबर को दूसरी धमकी दी गई. वहीं, 8 दिसंबर से लगातार चार दिनों तक बम ब्लास्ट को लेकर हाईकोर्ट प्रशासन को ईमेल भेजे गए. इसके बाद गत छह फरवरी, 17 फरवरी, 19 फरवरी और 20 फरवरी को ब्लास्ट की धमकी दी गई थी.
पढे़ं. एक बार फिर हाईकोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, 8 दिन में पांचवी बार, जांच में कुछ नहीं मिला

