ETV Bharat / state

हाईकोर्ट की जयपुर और जोधपुर बेंच को बम ब्लास्ट की धमकी, थमी सुनवाई

सुरक्षा दस्तों ने हाईकोर्ट की दोनों बेंच मुख्य की बिल्डिंग की गहनता से जांच की, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.

Rajasthan High Court, Jaipur
राजस्थान हाईकोर्ट, जयपुर (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 17, 2026 at 11:39 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर/जोधपुर : राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ और जोधपुर स्थित मुख्यपीठ को एक बार फिर बम ब्लास्ट की धमकी मिली है. इससे कोर्ट में कामकाज प्रभावित हुआ. हालांकि दोनों परिसरों की गहनता से जांच की गई लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. इधर, जयपुर में हर बार की तरह इस बार भी हाईकोर्ट प्रशासन के ईमेल पर समान पैटर्न पर धमकी भरा मेल भेजा गया. मेल मिलने के बाद हाईकोर्ट प्रशासन ने पुलिस के उच्चाधिकारियों को सूचना दी. मुकदमों की सुनवाई एक घंटे के बाद शुरू करने का निर्णय लिया. सूचना पर पुलिस के उच्चाधिकारी बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड के साथ हाईकोर्ट परिसर पहुंचे. सुरक्षा दस्तों की ओर से हाईकोर्ट की मुख्य भवन की गहनता से जांच की गई.

जयपुर हाईकोर्ट चौकी प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि बम की सूचना मिलते ही पुलिस के बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने पूरे हाईकोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच की. हाईकोर्ट के मुख्य परिसर से न्यायिक कर्मचारियों, अधिवक्ताओं व पक्षकारों को बाहर निकाला. मौके पर किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस बुलाई.

पढ़ें:हाईकोर्ट की जयपुर-जोधपुर बेंच एवं अजमेर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मुख्य पीठ को पहली बार

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर के पूर्व अध्यक्ष प्रहलाद शर्मा ने कहा कि हाईकोर्ट परिसर में सुरक्षा के माकूल इंतजाम हैं, लेकिन कई बार बम ब्लास्ट के मेल मिल चुके हैं. जांच एजेंसियां अभी तक मालूम नहीं कर पाई कि मेल कहां से आता है. हर बार मेल मिलने के बाद मुकदमों की सुनवाई बीच में बंद कर दी जाती है. कोर्ट परिसर खाली करा लिया जाता है. इससे भय का माहौल बनता है और मुकदमों की सुनवाई प्रभावित होती है.

इससे पहले भी मिली धमकी: हाईकोर्ट प्रशासन को गत वर्ष 31 अक्टूबर को बम विस्फोट की पहली धमकी मिली थी. इसके बाद 5 दिसंबर को दूसरी धमकी दी गई. 8 दिसंबर से लगातार चार दिनों तक ब्लास्ट को लेकर हाईकोर्ट प्रशासन को मेल भेजे गए. गत छह फरवरी को ब्लास्ट की धमकी दी गई.

पढ़ें: धौलपुर और अजमेर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराए परिसर, की सघन जांच

जोधपुर बेंच को 12 दिन में दूसरी बार धमकी: उधर, जोधपुर स्थित मुख्यपीठ को 12 दिन में दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली. इसके चलते हाईकोर्ट परिसर खाली कराया गया. सभी को गार्डन एरिया में भेजा गया. पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने पूरे भवन की तलाशी ली. करीब 11:30 बजे अदालतों में वापस काम शुरू हुआ. अधिवक्ताओं का कहना है कि इस तरह की धमकियां कामकाज प्रभावित कर रही हैं. इससे खास तौर से ऐसे लोग जिनकी जमानत की याचिकाओं पर आज सुनवाई लिस्टेड थी, उनका नंबर अब रिशिड्यूल हुआ तो कई दिन बाद आएगा. कोर्ट में परिवादियों को फिलहाल प्रवेश नहीं दिया जा रहा हैं. वकीलों ने बताया कि यह हमारी एजेंसी की फेलियर हैं, जो ई मेल करने वालों को ट्रेस नहीं कर पा रही है. इससे पहले 6 फरवरी को जोधपुर हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. तब भी दो बजे तक काम बाधित हुआ.

पढ़ें: हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलने के बाद खाली कराया गया परिसर