Rajasthan High Court : जेल में हुई हत्या और यहां से सीएम को भी धमकी मिल चुकी, आखिर क्या कर रही है सरकार...
हाई सिक्योरिटी जेल में पूर्व डकैत जगन गुर्जर की हत्या का मामला. राजस्थान हाईकोर्ट ने की अहम टिप्पणी. यहां जानिए...

Published : July 2, 2026 at 8:22 PM IST
जयपुर: राजस्थान हाईकोर्ट ने अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में पूर्व डकैत जगन गुर्जर की हत्या को गंभीरता से लिया है. अदालत ने कहा कि यह बड़ी बात है कि हाई सिक्योरिटी जेल में हत्या हुई और यह जवाब आ रहा है कि मौके पर मौजूद सीसीटीवी पर पेस्ट लगाने के चलते फुटेज साफ नहीं आए. ऐसे मामले में जिम्मेदार अफसरों पर क्या कार्रवाई की गई है.
अदालत ने पूछा कि जेल में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कार्रवाई की गई है. एक्टिंग सीजे एसपी शर्मा और जस्टिस मनीष शर्मा की खंडपीठ ने यह आदेश कैदियों के कल्याण से जुड़े मामले में पूर्व में लिए स्वप्रेरित प्रसंज्ञान पर सुनवाई करते हुए दिए.
सुनवाई के दौरान अदालत ने मीडिया रिपोर्टस का हवाला देते हुए कहा कि जेलों से गैंग ऑपरेट हो रहे हैं और मुख्यमंत्री के नाम भी जेल से धमकी दी जा चुकी है. इसके साथ ही जेलों में कैदियों के पास से मोबाइल मिल रहे हैं. ऐसे में राज्य सरकार 28 जुलाई तक बताए कि उनकी ओर से मामले में क्या कार्रवाई की जा रही है.
वहीं, मामले से जुड़े न्यायमित्र प्रतीक कासलीवाल ने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्व में दिए निर्देशों की पालना को लेकर अभी तक पूरा जवाब नहीं दिया है. जेलों में आधारभूत विकास के लिए उचित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. जेलों में लगे सीसीटीवी की न तो लाइव मॉनिटरिंग है और ना ही उनका पर्याप्त बैकअप सिस्टम है. यहां तक कि कई कैमरों में तो कनेक्शन ही नहीं है.
पढ़ें : जयपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा में सेंध, पार्सल में मिले तीन मोबाइल और डाटा केबल, जांच में जुटी पुलिस
न्यायमित्र ने कहा कि यह बड़े आश्चर्य की बात है कि हाई सिक्योरिटी जेल में किसी ने सीसीटीवी के लेंस पर कोई पदार्थ चिपका दिया और उसकी जानकारी न जेल प्रशासन को हुई और ना ही पदार्थ को हटाया गया. जबकि हाईकोर्ट ने जेल में सीसीटीवी के सुचारू काम करने के निर्देश दे रखे हैं. जिस पर सुनवाई करते हुए मामले में गंभीर टिप्पणी करते हुए राज्य सरकार से जेलों की ऐसी व्यवस्था पर रिपोर्ट पेश करने को कहा है.

