चार ओलंपियाड में चयनिका का कमाल, जयपुर के 35 होनहारों ने रचा इतिहास
राजस्थान में ओलंपियाड रिजल्ट के मामले में सबसे बेहतर प्रदर्शन रहा. इस वर्ष विभिन्न ओलंपियाड में जयपुर के 35 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है.

Published : January 5, 2026 at 8:01 PM IST
जयपुर: शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में जयपुर के होनहार छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है. शहर की 12वीं कक्षा की छात्रा चयनिका मंडल ने एक साथ चार राष्ट्रीय स्तर के ओलंपियाड में चयनित होकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है. वहीं मात्र 12 वर्षीय माधव शर्मा ने भी विद्यार्थी विज्ञान मंथन प्रतियोगिता में राज्य स्तर के लिए क्वालीफाई किया है.
चयनिका मंडल ने गणित में रीजनल मैथेमेटिक्स ओलंपियाड ( RMO), खगोल विज्ञान में नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन एस्ट्रोनॉमी (NSEA), रसायन विज्ञान में नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन केमिस्ट्री (NSEC) और भौतिकी में नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन फिजिक्स (NSEP) के लिए सफलता प्राप्त की है. चयनिका ने बताया कि ओलंपियाड और जेईई का पाठ्यक्रम काफी हद तक समान होता है, इसलिए अलग से तैयारी की आवश्यकता नहीं पड़ी. गणित को छोड़कर अन्य विषयों का सिलेबस लगभग एक जैसा है. उन्होंने केवल पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल किए, जिससे परीक्षा पैटर्न और समय प्रबंधन समझने में मदद मिली. चयनिका का अगला लक्ष्य इसी वर्ष फरवरी में आयोजित होने वाला इंडियन नेशनल ओलंपियाड (आईएनओ) है. उन्होंने कहा कि ओलंपियाड की सबसे बड़ी चुनौती कम समय में अधिक प्रश्न हल करना है, जिसे लगातार अभ्यास से ही बेहतर किया जा सकता है. चयनिका के साथ-साथ जयपुर के छात्र अक्षत अग्रवाल ने भी रसायन विज्ञान, भौतिकी और खगोल विज्ञान में तीन ओलंपियाड के लिए चयन हासिल किया है.
कक्षा 7 के छात्र माधव शर्मा ने भी बनाई पहचान: कक्षा 7 के 12 वर्षीय छात्र माधव शर्मा ने विद्यार्थी विज्ञान मंथन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर के लिए स्थान बनाया है. उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 11 जनवरी को होगी और वह इसके लिए पूरी तैयारी के साथ जाएंगे. माधव पहले भी कई प्रतियोगी परीक्षाओं में अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं.
यह भी पढ़ें: प्रखर सिंघवी ने रचा इतिहास, कोपरनिकस ओलंपियाड में भारत को दिलाया प्रथम स्थान
राजस्थान में जयपुर का दबदबा: एक कोचिंग संस्थान के प्रमुख सचिन सिंह के अनुसार, इस वर्ष विभिन्न ओलंपियाड में जयपुर के कुल 35 छात्रों ने सफलता अर्जित की है. एस्टॉनोमी ओलंपियाड के लिए जयपुर के आठ, बायोलॉजी ओलंपियाड के लिए एक, केमिस्ट्री के लिए 17, जूनियर साइंस के लिए दो, फिजिक्स के लिए तीन और मैथ्स ओलिंपियाड के लिए चार छात्रों ने क्वालीफाई किया है. सचिन सिंह ने राजस्थान में ओलंपियाड रिजल्ट के मामले में सबसे बेहतर प्रदर्शन का दावा करते हुए कहा कि इस वर्ष विभिन्न ओलंपियाड में जयपुर के 35 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है. उन्होंने बताया कि इन छात्रों को 7वीं कक्षा से ही विशेष रूप से तैयार किया जाता है. इन छात्रों की रुचि केवल नीट-जेईई तक सीमित नहीं रहती, बल्कि शोध और नवाचार में भी होती है. इसी कारण इन्हें अन्य छात्रों की तुलना में लगभग एक साल आगे रखकर तैयार किया जाता है.

