राजस्थान में सरकार ने तबादलों पर छूट बढ़ाई, अब 10 जुलाई तक हो सकेंगे स्थानांतरण
पहले की तरह ही तृतीय श्रेणी शिक्षक और चिकित्सा कर्मियों के तबादलों पर रोक यथावत जारी रहेगी.

Published : July 3, 2026 at 3:16 PM IST
जयपुर: प्रदेश सरकार ने तबादला अवधि में छूट बढ़ा दी है. पहले तबादलों की अंतिम तिथि 5 जुलाई थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 जुलाई तक कर दिया गया है. ये आदेश शासन सचिव शुचि त्यागी ने जारी किए, यानि अब तबादला चाहने वालों को पांच दिन का समय और मिल गया है.
प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग की ओर से 19 जून को जारी आदेश के माध्यम से राज्य के राजकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था. बाद में प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए सरकार ने सीमित अवधि के लिए इस प्रतिबंध में छूट दी थी. अब उसी छूट की अवधि को पांच दिन और बढ़ाकर 10 जुलाई तक कर दिया गया है. हालांकि सरकार ने दो महत्वपूर्ण वर्गों को इस छूट से बाहर रखा है.
आदेश के अनुसार शिक्षा विभाग के तृतीय श्रेणी वेतन श्रृंखला के अध्यापकों पर स्थानांतरण प्रतिबंध पूर्ववत लागू रहेगा. इसके साथ ही वर्षाकाल में संभावित मौसमी बीमारियों और स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों के स्थानांतरण पर लगी रोक भी अगले आदेश तक जारी रहेगी. मानसून के दौरान अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना रहती है. ऐसे समय में चिकित्सा कर्मियों का स्थानांतरण स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित कर सकता है. शिक्षा विभाग में भी वर्तमान व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों पर रोक बरकरार रखी गई है.
मंत्रियों के आवास पर लग रहा जमावड़ा: सरकारी महकमों में तबादलों की प्रक्रिया को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार गतिविधियां तेज हैं. छूट की अवधि बढ़ने के बाद विभिन्न विभागों में लंबित स्थानांतरण प्रस्तावों के निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है. वहीं, जिन अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले प्रस्तावित हैं, उन्हें भी 10 जुलाई तक राहत मिलने की उम्मीद है. इस दौरान तबादला चाहने वाले कार्मिकों और उनके परिजनों का मंत्रियों के आवास और कार्यालय में जमावड़ा बढ़ गया है. सत्तारूढ़ भाजपा के कार्यकर्ता भी अपने समर्थकों का तबादला करवाने के लिए मंत्रियों के यहां चक्कर काट रहे हैं.

