69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी बॉस्केटबॉल प्रतियोगिता: राजस्थान की गर्ल्स बनी नेशनल चैंपियन, बॉयज ने 30 साल बाद जीता गोल्ड
राष्ट्रीय विद्यालयी बॉस्केटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में राजस्थान के लड़कों ने हरियाणा और लड़कियों ने महाराष्ट्र की टीम को हरा गोल्ड जीते.


Published : January 6, 2026 at 10:26 PM IST
बाड़मेर: 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी बास्केटबॉल प्रतियोगिता के पांचवें और अंतिम दिन मंगलवार शाम को शहर के हाई स्कूल मैदान में दूधिया रोशनी के बीच फाइनल मुकाबले खेले गए. फाइनल में राजस्थान बास्केटबॉल की गर्ल्स और बॉयज की टीम ने गोल्ड मेडल हासिल किया. राजस्थान की बेटियों ने इतिहास रचते हुए पहली बार स्वर्ण पदक हासिल किया. जबकि छात्रों ने 30 सालों बाद गोल्ड मेडल हासिल किया.
फाइनल में लड़कों ने हरियाणा, लड़कियों ने महाराष्ट्र को हराया: आयोजन सचिव ईश्वरदान चारण ने बताया कि छात्र वर्ग का फाइनल मैच राजस्थान और हरियाणा के बीच खेला गया. राजस्थान ने इस रोमांचक मुकाबले को 58-45 के अंतर से जीतकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया. वहीं छात्रा वर्ग का फाइनल मैच राजस्थान और महाराष्ट्र के बीच हुआ. इस एकतरफा मैच को राजस्थान की लड़कियों ने 43-9 के बड़े अंतर से जीतते हुए नेशनल खिताब अपने नाम किया.
तमिलनाडु और दिल्ली रहे तीसरे स्थान पर: जहां एक ओर मैदान संख्या 1 पर प्रतियोगिता के फाइनल मैच खेले जा रहे थे. वहीं मैदान संख्या 2 पर तीसरे स्थान के लिए हार्ड लाइन मैच खेले गए. छात्र वर्ग का हार्डलाइन मैच दिल्ली और महाराष्ट्र के बीच खेला गया, जिसमें दिल्ली ने 51-33 अंकों के अंतर से मैच जीता. छात्रा वर्ग के हार्डलाइन मैच में तमिलनाडु ने पंजाब को 59-53 अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान प्राप्त किया.

पहले से बेहतर रहा प्रदर्शन: राजस्थान गर्ल्स टीम की कोच डॉ दीपिका अरोड़ा ने बताया कि राजस्थान शिक्षा विभाग के खेलकूद प्रतियोगिता के इतिहास में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान की टीम ने अंडर 19 में गोल्ड मेडल जीता है. पिछले साल पंजाब में आयोजित हुई प्रतियोगिता में राजस्थान ने सिल्वर मेडल जीता था. इस बार 31 टीमों ने भाग लिया था. टीम की कैप्टन कृतिका खटीक ने बताया कि गोल्ड मेडल जीतने की खुशी है. हमारे कोच और टीम की मेहनत से यह जीत हासिल हुई. छात्र टीम के कोच नरेंद्र कछवाहा ने बताया कि राजस्थान की टीम ने इससे पहले 1995 में गोल्ड जीता था. टीम के कप्तान ऋषि ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान कड़े मुकाबले हुए. इनमें हमारी टीम ने डटकर मुकाबला करते हुए गोल्ड जीता है.

'गौरव बढ़ाया': कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौहटन विधायक आदुराम मेघवाल ने कहा कि राजस्थान की छात्र और छात्रा दोनों टीमों ने नेशनल चैम्पियन बनकर हमारा गौरव बढ़ाया है. दूसरे और तीसरे स्थान पर रही टीमों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया. उन्हें आगामी प्रतियोगिता में और अच्छा प्रदर्शन कर विजेता बनने के लिए शुभकामनाएं. उन्होंने कहा कि 2014 के बाद भारत में खेलों का परिदृश्य बदला है. पीएम मोदी ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक मिशन शुरू किया है. ऐसे में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के उचित अवसर मिल रहे हैं. विशिष्ठ अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूपसिंह खारा ने खिलाड़ियों से कहा कि चुनौतियों का सामना करते हुए अपना आत्मविश्वास बनाए रखें. यही जीत का मूल मंत्र है. शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी युवा अपना कॅरियर बनाएं.

