भाजपा अध्यक्ष राठौड़ बोले-हम निकाय चुनाव को तैयार...ओबीसी आयोग की रिपोर्ट हमारी नहीं, निर्वाचन आयोग की समस्या
पाली जाते समय जोधपुर रूके मदन राठौड़, बोले-आयोग जिस दिन घोषणा करेगा, चुनाव में उतर जाएगी भाजपा

Published : May 22, 2026 at 5:32 PM IST
जोधपुर: भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि हमारी सरकार निकाय व पंचायत चुनाव के लिए तैयार है. हाईकोर्ट ने इसी 31 जुलाई तक निकाय चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं. शुक्रवार दोपहर यहां आए राठौड़ ने कहा कि हम शुरू से चुनाव को तैयार थे. ओबीसी आयोग की रिपोर्ट समेत अन्य प्रावधान निर्वाचन आयोग की समस्या है. इसके लिए हम कुछ नहीं कर सकते. जब भी निर्वाचन आयोग मापदंड तय कर घोषणा करेगा, हम चुनाव में उतर जाएंगे.
युद्ध रोकने का प्रयास कर रहे हैं पीएम मोदी: पीएम मोदी के विदेश दौरे पर विपक्ष के निशाना साधने के सवाल पर प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ बोले, पीएम दुनिया में लोकप्रिय नेता हैं. विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है. प्रधानमंत्री दुनिया के देशों से समर्थन प्राप्त कर रहे हैं. खाड़ी देशों में युद्ध के हालात थोड़े रुके हैं, लेकिन अभी थमे नहीं हैं. इसके चलते भारत समेत दुनिया भर में ईंधन आपूर्ति पूरी नहीं हो पा रही है. दुनियाभर में लोग इससे परेशान हैं. प्रधानमंत्री समर्थन जुटाकर दबाव बनाकर देशों को लड़ने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं. इसके लिए विदेश यात्राएं कर रहे हैं, लेकिन विपक्ष के यह समझ में नहीं आता है. प्रधानमंत्री मोदी कोई राहुल गांधी की तरह सैर सपाटे पर नहीं गए हैं. युद्ध करने वालों के साथ अन्य देशों को भी हानि उठानी पड़ रही हैं. पीएम ने गैस तेल की व्यवस्था संभाल रखी है.
पढ़ें: हाईकोर्ट का बड़ा फैसला : राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव 31 जुलाई तक कराने के निर्देश
राहुल के ननिहाल में चॉकलेट गिफ्ट: इटली की प्रधानमंत्री को पीएम मोदी के चॉकलेट गिफ्ट करने को लेकर विपक्ष के रिएक्शन पर राठौड़ बोले, इटली राहुल गांधी का ननिहाल है. वहां पीएम ने चॉकलेट गिफ्ट की है. इसे देखकर राहुल गांधी को बचपन याद आ गया. इस पर क्या कहा जा सकता है. राठौड़ की यहां भाजपा देहात जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी समेत अन्य कार्यकर्ता ने अगुवानी की. राठौड़ जोधपुर से पाली जाएंगे, जहां से रेल मंत्री के साथ भुज से दिल्ली शुरू हो रही नई ट्रेन शुरू करेंगे.

