ETV Bharat / state

Exclusive : मदन राठौड़ बोले- पीएम मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत, कांग्रेस को आत्ममंथन करने की जरूरत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कई अहम मुद्दों पर ईटीवी भारत से बातचीत की. साथ ही कांग्रेस पर पलटवार किया.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से खास बातचीत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से खास बातचीत (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : March 4, 2026 at 3:17 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

जसवंत सिंह

जयपुर: ट्रेड डील, प्रदेश की कानून व्यवस्था और पंचायत-निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस की ओर से आरोप लगाए जा रहे हैं. इन आरोपों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने तीखा जवाब दिया है. जयपुर में अपने निवास पर ETV भारत से विशेष बातचीत में राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस अनर्गल बयानबाजी कर रही है और उसे पहले अपने शासनकाल की स्थिति याद करनी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर मजबूत स्थिति में है और राज्य में भी भाजपा सरकार ने दो वर्षों में उल्लेखनीय काम किया है. राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार विकास, कानून व्यवस्था और सुशासन के मुद्दों पर प्रतिबद्ध है और पंचायत और निकाय चुनावों में पूरी मजबूती के साथ उतरेगी.

पंचायत और निकाय चुनाव: पंचायत और निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस की ओर से सरकार पर लगाए जा रहे. इन आरोपों पर राठौड़ ने कहा कि भाजपा पूरी तरह चुनाव के लिए तैयार है. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और चुनाव कराने का निर्णय उसी के अधिकार क्षेत्र में आता है. निर्वाचन आयोग कोर्ट गया है, सरकार नहीं. यदि आचार संहिता लागू होती है तो भाजपा चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन खिसकने से बौखलाई हुई है और हार के डर से आरोप-प्रत्यारोप कर रही है. कांग्रेस को पहले अपने संगठन में चल रही अंतर्कलह को सुलझाना चाहिए, बजाय इसके कि वह राज्य सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाए.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से खास बातचीत (ETV Bharat Jaipur)

पढे़ं. IT-AI Technique: पंचायत-निकाय चुनाव से पहले भाजपा का माइक्रो प्लान, जानिए क्या है खास...

गौ संरक्षण मुद्दे पर खाचरियावास पर निशाना : कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास की ओर से गौ संरक्षण को लेकर किए जा रहे आंदोलनों पर राठौड़ ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि गाय को माता का दर्जा किसने दिया और गौरक्षा के लिए किसने काम किया, यह जनता भली भांति जानती है. राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित राज्यों में गोहत्या की घटनाएं सामने आई हैं. उन्होंने विशेष रूप से कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां कांग्रेस या उसके सहयोगी दल सत्ता में हैं और गौ संरक्षण के मुद्दे पर उनका रुख स्पष्ट नहीं है. उन्होंने खाचरियावास पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि वे पहले भाजपा में थे और पार्टी के समर्थन में नारे लगाते थे. समय आने पर उन्हें सही रास्ता समझ में आ जाएगा.

कानून व्यवस्था पर गहलोत सरकार से तुलना : पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से राज्य की कानून व्यवस्था पर उठाए गए सवालों पर राठौड़ ने कहा कि वर्तमान सरकार ने इस दिशा में ठोस सुधार किए हैं. अपराध पूरी तरह समाप्त होने का दावा कोई नहीं कर सकता, लेकिन अपराधियों पर अंकुश लगा है. उनको पकड़ा गया है और उन्हें सजा मिली है. राठौड़ ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने पुलिस तंत्र को मजबूत किया है. महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी उपलब्ध कराई गई है, थानों को वाहन दिए गए हैं और साइबर क्राइम पर प्रभावी नियंत्रण के प्रयास किए गए हैं. कांग्रेस शासनकाल में पुलिस का मनोबल गिरा हुआ था, जबकि वर्तमान सरकार ने उसे सशक्त बनाया है.

पढ़ें. 69 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण, मंत्री खर्रा बोले, 'पंचायत चुनाव में सरकार कहीं अड़ंगा नहीं'

ट्रेड डील और वैश्विक कूटनीति पर मोदी सरकार की तारीफ : राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीति के कारण भारत वैश्विक मंच पर मजबूत स्थिति में पहुंचा है. अमेरिका की ओर से टैरिफ लगाए जाने जैसे अंतरराष्ट्रीय आर्थिक दबावों के बावजूद भारत ने वैकल्पिक व्यापार मार्ग तैयार किए. रूस समेत अन्य देशों के साथ संतुलित संबंधों के जरिए भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ किया है. भारत की अर्थव्यवस्था पहले 11वें स्थान पर थी और अब चौथे स्थान पर पहुंच गई है और तीसरे स्थान की ओर अग्रसर है. उन्होंने कहा कि किसानों और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है.

अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारत की भूमिका : राठौड़ ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में भारत की स्थिति पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है. पश्चिम एशिया में तनाव की स्थिति के बीच भारत संतुलन की भूमिका निभा रहा है और कई देशों के साथ संवाद की स्थिति में है. उन्होंने बांग्लादेश और खाड़ी देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत के नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार सक्रिय है. उन्होंने दावा किया कि विदेशों में फंसे भारतीयों को राहत देने के लिए संबंधित सरकार की ओर से सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं, जो मोदी सरकार की कूटनीतिक सफलता का परिणाम है.

पढे़ं. चूरू सांसद राहुल कस्वां बोले,' राजस्थान सीएम भजनलाल का 'इंजन' बंद, अब पीएम मोदी से ही उम्मीद'

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना : राठौड़ ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें केवल सरकार की आलोचना करने के बजाय 'नेशन फर्स्ट' की भावना से काम करना चाहिए. पूर्ववर्ती सरकारों के समय भारतीय अर्थव्यवस्था और मुद्रा की स्थिति कमजोर थी और नकली नोटों की समस्या गंभीर थी. मोदी सरकार ने इन मुद्दों पर प्रभावी नियंत्रण किया है. बातचीत के अंत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि राज्य की जनता भाजपा सरकार के काम से संतुष्ट है और आने वाले चुनावों में पार्टी को समर्थन मिलेगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आरोप लगाने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए.