Rajasthan Assembly Session: विधानसभा में बजट पर 'मुहर' की तैयारी, आज सीएम भजनलाल खोलेंगे घोषणाओं का पिटारा
विधानसभा में आज भजनलाल सरकार का तीसरा बजट पारित होगा. सदन में भारी गहमागहमी रहने के आसार हैं.

Published : February 27, 2026 at 8:54 AM IST
जयपुर : भजनलाल सरकार के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है. विधानसभा में आज वित्तीय वर्ष 2026-27 के राज्य बजट पर विस्तृत चर्चा के बाद उसे पारित किया जाएगा. मुख्यमंत्री के रूप में भजनलाल शर्मा का यह तीसरा बजट है, जिसे लेकर प्रदेशवासियों में भारी उत्साह है. माना जा रहा है कि चर्चा का जवाब देते समय मुख्यमंत्री प्रदेश के युवाओं, किसानों और महिलाओं के लिए कई बड़ी घोषणाओं का पिटारा खोल सकते हैं.
सदन की कार्यवाही और बजट पर बहस : विधानसभा की कार्यवाही आज सुबह प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी. प्रश्नकाल के दौरान उपमुख्यमंत्री डॉ. पी.सी. बैरवा विभिन्न विभागों जैसे कृषि, शिक्षा, जल संसाधन और नगरीय विकास से जुड़े सवालों के जवाब देंगे. इसके बाद सदन की मेज पर कई महत्वपूर्ण वार्षिक प्रतिवेदन रखे जाएंगे. राजस्थान विनियोग संख्या दो विधेयक 2026 को प्रभारी मंत्री दीया कुमारी सदन में पेश करेंगी. चर्चा के बाद इसे पारित किया जाएगा. इसके साथ ही राजस्थान वित्त विधेयक 2026 पर भी बहस के बाद सदन की मंजूरी दी जाएगी.
इसे भी पढ़ें: विधानसभा बजट सत्र: पशु बीमा योजना पर तीखी नोकझोंक, 'पावर सेंटर' टिप्पणी पर हंगामा
बजट बहस के दौरान आज नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली कांग्रेस की ओर से मोर्चा संभालेंगे. वे सरकार की नीतियों और बजट प्रावधानों पर विपक्ष का पक्ष रखेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सदन में अपना संबोधन देंगे. सियासी गलियारों में चर्चा है कि सीएम अपने जवाब के जरिए आगामी चुनावों और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश करेंगे.
विपक्ष की घेराबंदी और रणनीति : एक तरफ जहां सरकार बजट पारित कराने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष ने भी सरकार को घेरने की पुख्ता रणनीति बनाई है. सुबह 10:15 बजे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक बुलाई गई है. यह बैठक इसलिए भी अहम है क्योंकि कल सदन में भारी हंगामा हुआ था. कांग्रेस विधायक श्रवण कुमार को बोलने की अनुमति देने के बाद उसे रद्द किए जाने के मुद्दे पर विपक्ष ने कल सदन से वॉकआउट किया था. कांग्रेस का आरोप है कि सरकार तानाशाही रवैया अपनाकर विपक्ष की आवाज दबा रही है. आज की बैठक में इस गतिरोध को आगे बढ़ाने या सदन में प्रभावी हस्तक्षेप करने पर रणनीति तय होगी.
इसे भी पढ़ें: विधानसभा में बोले गणेश घोघरा, 'अधिकार और जमीन के लिए हथियार भी उठा सकते हैं आदिवासी'
याचिकाओं पर होगी चर्चा : सदन में कई जनहित याचिकाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी. विधायक ऋतु बनावत दो याचिकाएं रखेंगी. इनमें धौलपुर स्टेट हाईवे के सामरी मोड़ से सिंघनिया तक सड़क निर्माण के लिए बजट आवंटन और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग शामिल है. दूसरी याचिका घाटोली मिल्समा से उत्तर प्रदेश बॉर्डर तक सड़क के नवीनीकरण से संबंधित है. विधायक फूल सिंह मीणा भी दो याचिकाएं पेश करेंगे. इनमें हिरा बावड़ी (फान्दा रोड) से अंबा माता मंदिर (जयसमंद रोड) तक सड़क निर्माण की स्वीकृति तथा गिर्वा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, उपला फला (जाबला) के लिए भवन निर्माण या अस्थायी टीन शेड/डोम की व्यवस्था की मांग शामिल है. विधायक संजय कुमार बसेड़ी (धौलपुर) क्षेत्र की कुछ सड़कों के निर्माण कार्य की स्वीकृति जारी कराने संबंधी एक याचिका प्रस्तुत करेंगे.
इसे भी पढ़ें: विधानसभा प्रश्नकाल: उद्योग, आयुर्वेद, जल जीवन मिशन और राजस्व पर तीखी बहस, पक्ष - विपक्ष में नोकझोंक

