विधानसभा बजट सत्र : गाय से गोपाल पर घमासान जारी, सदन में आज भी हंगामे के आसार
विधानसभा की कार्यवाही आज सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी. शून्यकाल के बाद विभागवार बजट रखा जाएगा.

Published : February 18, 2026 at 8:34 AM IST
जयपुर: विधानसभा के बजट सत्र में गाय को लेकर छिड़ा विवाद दूसरे दिन भी जारी रहने के संकेत हैं. गाय को ‘राज गौमाता’ का दर्जा नहीं देने के मुद्दे पर मंगलवार को सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी तकरार हुई थी. इसका असर बुधवार को सदन की कार्यवाही पर पड़ सकता है. मंगलवार को हुए घटनाक्रम के बाद भाजपा विधायक गोपाल शर्मा के आचरण को लेकर अध्यक्ष की ओर से व्यवस्था दिए जाने की संभावना है. कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा के कथित इशारों को लेकर भी निर्णय हो सकता है. विधानसभा की कार्यवाही आज सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी. शून्यकाल के बाद विभागवार बजट रखा जाएगा.
7 बार स्थगित हुई कार्यवाही: मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान माहौल गरमा गया, जब विपक्ष की ओर से गौवंश का सिर काटने का आरोप सत्ता पक्ष के एक सदस्य पर लगाया गया. आरोपों से आक्रोशित गोपाल शर्मा विपक्ष की ओर बढ़ गए और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व विधायक गोविंद सिंह डोटासरा और कांग्रेस विधायक अशोक चांदना से तीखी नोकझोंक हो गई. स्थिति इतनी बिगड़ी कि हाथापाई की नौबत आ गई. सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी. हालांकि, घटना के बाद गोपाल शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए अपने व्यवहार पर खेद व्यक्त किया और भविष्य में संयम बनाए रखने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि आवेश में हुई घटना की पुनरावृत्ति नहीं होगी. हालांकि विपक्ष इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है. गाय से गोपाल तक हुए विवाद में विधानसभा की कार्यवाही 7 बार स्थगित करनी पड़ी थी.
पढ़ें:दीया कुमारी का विपक्ष पर पलटवार, कहा- पानी का गिलास गिनने की जगह बजट पढ़ लेते
44 प्रश्न सूचीबद्ध: प्रश्नकाल के दौरान 44 प्रश्न सूची में शामिल किए गए. इनमें 22 तारांकित और 22 ही अतारांकित प्रश्न हैं. उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, जल संसाधन, जनजाति क्षेत्रीय विकास, राजस्व, नगरीय विकास तथा ऊर्जा विभाग से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे. इसके बाद ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा होगी. विधायक श्रीचंद कृपलानी शिक्षा मंत्री का ध्यान अनुसूचित क्षेत्र में तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती 2022 के तहत कार्यरत 75 शिक्षकों का जिला आवंटन निरस्त कर सेवा से मुक्त करने से उत्पन्न स्थिति की ओर आकर्षित करेंगे.
विधायक रतन देवासी ग्रामीण विकास मंत्री का ध्यान विधायक निधि से महापुरुषों, भारत रत्नों और समाज सुधारकों की प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए दिशा-निर्देश निर्धारित करने के विषय पर आकर्षित करेंगे. इसके अतिरिक्त मंत्री झाबर सिंह खर्रा नगरीय विकास विभाग की 29 अधिसूचनाएं सदन की मेज पर रखेंगे. गृह, स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं से संबंधित समिति (2025-26) का प्रतिवेदन समिति सभापति जितेंद्र गोठवाल द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा.
विभागवार बजट मांगों पर चर्चा : बजट 2026-27 पर पक्ष-विपक्ष की चर्चा के बाद अब विभागवार बजट मांगों पर चर्चा होगी. सदन में आज चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा प्रारंभ होगी. चर्चा के उपरांत इन मांगों के पारित होने की संभावना है. हालांकि कुछ विभागों में बजट कटौती को लेकर विपक्ष सवाल उठा सकता है.

