ETV Bharat / state

राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के घर पर हमला, गेट और कार में लगाई आग, बेटी राघवी सिंह ने किया दावा

राजा भैया व भानवी सिंह की बड़ी बेटी राघवी सिंह ने जान का खतरा बताते हुए मदद मांगी है.

भानवी सिंह के दिल्ली स्थित घर पर हमला.
भानवी सिंह के दिल्ली स्थित घर पर हमला. (Photo Credit; raghavi singh social media)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 10, 2026 at 10:57 PM IST

|

Updated : January 10, 2026 at 11:04 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

प्रतापगढ़ : कुंडा विधानसभा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के दिल्ली स्थित घर पर हमला किया गया है. राजा भैया व भानवी सिंह की बड़ी बेटी राघवी कुमारी सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर हमला करने का दावा किया है. उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया है. राघवी ने पोस्ट के जरिए कहा, मुझे, मेरी मां भानवी सिंह और बहन को जान का खतरा है. उन्होंने दिल्ली पुलिस और संबंधित अधिकारियों को टैग करके सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है.

राघवी कुमारी ने अपनी पोस्ट में लिखा है, पिछले कई महीनों से, बल्कि कई सालों से मैं, मेरी मां और बहन खतरे में हैं. हमने हमेशा कानून का रास्ता अपनाया, पुलिस से मदद मांगी. शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला. हाल ही में सफदरजंग थाने में FIR दर्ज करने के लिए लिखित शिकायत दी थी. आधी रात के बाद हथियार पकड़े एक व्यक्ति हमारे दिल्ली घर के बाहर आया. मेरी मां, मेरी बहन और मुझे डराने और दहशत में डालने का उद्देश्य साफ दिखाई देता है. इस समय बात सिर्फ सुरक्षा की नहीं है बात सच्ची और धर्मसंगत जांच की है. किसने उसे भेजा? किसने यह करवाया?

इनटेंशन तो साफ है, तो फिर कार्रवाई इतनी धीमी क्यों? प्रतिक्रिया इतनी सुस्त क्यों? हम तीन अकेली महिलाएं इस घर में रहती हैं. हमने सफदरजंग पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी है, लेकिन इतने गंभीर हमले के बावजूद FIR दर्ज नहीं की जा रही है. हम सिर्फ FIR और ईमानदारी से जांच की मांग रही हैं, ताकि सच सामने आए और आगे कोई त्रासदी न हो.

बता दें कि भानवी सिंह की एमपी एमएलए कोर्ट (राउज एवेन्यू) में सुनवाई से ठीक एक रात पहले यह हमला किया गया है. उनके घर के मुख्य गेट और स्विफ्ट कार को आग के हवाले कर दिया गया. सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति को हथियार जैसा कुछ पकड़े गेट पार करने की कोशिश करते, दीवार फांदते, फिर कार और गेट में आग लगाते हुए देखा जा सकता है.

भानवी सिंह और राजा भैया के बीच तलाक का केस चल रहा है. भानवी ने नवंबर, 2022 में दिल्ली की साकेत कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दायर की थी. उन्होंने क्रूरता के आधार पर तलाक मांगा था. भानवी सिंह ने 3 जून, 2025 को प्रधानमंत्री कार्यालय में जाकर अपने पति रघुराज प्रताप सिंह के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी.

यह भी पढ़ें : 40 लाख का कर्ज और न्यूड फोटो वायरल करने की धमकी, बिजली कर्मी ने खुद रची अपहरण की साजिश

Last Updated : January 10, 2026 at 11:04 PM IST