गुरुग्राम में गरजे राज बब्बर, बोले - करोड़ों रुपए खर्च के बावजूद गुरुग्राम की स्थिति बदतर
गुरुग्राम के कांग्रेस कार्यालय में अंबेडकर जयंती समारोह में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राज बब्बर ने हिस्सा लिया.

Published : April 14, 2026 at 9:08 PM IST
गुरुग्रामः अंबेडकर जयंती के अवसर पर गुरुग्राम के कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राज बब्बर ने हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर चलने का आह्वान किया. बब्बर ने कहा कि "बाबा साहेब को मानने का मतलब केवल सम्मान करना नहीं, बल्कि उनके दिखाए रास्ते पर चलकर अन्याय के खिलाफ संघर्ष करना है." इस दौरान उन्होंने 'शिक्षित बनो, संगठित रहो और हक के लिए संघर्ष करो' का संदेश देते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा.
गुरुग्राम में जमीनी स्तर पर सुधार लाने की मांग की: वहीं राज बब्बर ने गुरुग्राम की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि "100 करोड़ रुपये खर्च के दावों के बावजूद शहर आज भी प्रदूषण, जलभराव और ट्रैफिक समस्याओं से जूझ रहा है. उन्होंने सरकार से खर्च की जवाबदेही तय करने और जमीनी स्तर पर सुधार लाने की मांग की. साथ ही गरीबों के आशियाने तोड़ने और बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा."
हल्की बारिश में ही हालात बिगड़ जाते हैं हालातः गुरुग्राम में बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने मुंबई का उदाहरण दिया और कहा कि "वहां लगातार बारिश के बावजूद शहर की रफ्तार नहीं रुकती, जबकि गुरुग्राम में हल्की बारिश में ही हालात बिगड़ जाते हैं." उन्होंने जल निकासी के लिए ठोस योजना बनाने, नहरों और सीवरेज सिस्टम को मजबूत करने की जरूरत बताई.

