रायसेन में सागौन तस्करों ने कुछ घंटों में उड़ा दिए तमाम पेड़, 1 कार सहित 2 आरोपी गिरफ्तार
रायसेन में सागौन की अवैध कटाई, लकड़ी लेकर भागने की फिराक में थे आरोपी, वन विभाग पकड़कर कर रहा है पूछताछ.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 30, 2026 at 10:25 PM IST
|Updated : June 30, 2026 at 10:58 PM IST
रायसेन: गढ़ी वन परिक्षेत्र की मुड़ियाखेड़ा बीट स्थित आरएफ क्रमांक-30 में बड़े पैमाने पर सागौन के बेशकीमती पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है. आरोप है कि सोमवार-मंगलवार की रात सागौन तस्करों ने सुनियोजित तरीके से दर्जनों पेड़ों पर आरी चलाकर लकड़ी को ट्रक एवं अन्य वाहनों से बाहर ले जाने की तैयारी की थी. लेकिन वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मौके से 1 कार भी जब्त कर ली है. दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
पहले भी हो चुकी है अवैध कटाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुड़ियाखेड़ा बीट के आरएफ-30 क्षेत्र में इससे पहले भी बड़े स्तर पर सागौन की अवैध कटाई की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. इसके बावजूद प्रभावी निगरानी और सख्त कार्रवाई नहीं होने से तस्करों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं.

सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि "आरएफ-30 का क्षेत्र भोपाल-सागर मुख्य मार्ग तथा रसीदपुर चौकी के पीछे स्थित होने के बावजूद यदि इतने बड़े स्तर पर कटाई हो जाती है, तो यह सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है. वन विभाग जंगलों की सुरक्षा पर भारी राशि खर्च करने का दावा करता है, लेकिन इसके बावजूद लगातार हो रही अवैध कटाई चिंता का विषय है. कुछ स्थानीय लोगों ने आशंका व्यक्त की है कि यदि निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए, तो अवैध कटाई के कई बड़े मामले सामने आ सकते हैं. उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर सभी जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की है."
अवैध पेड़ों की कटाई की निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने मांग की है कि "मुड़ियाखेड़ा बीट में हुई अवैध कटाई की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए. पूरे सागौन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया जाए तथा जंगलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए. उनका कहना है कि यदि समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र की बहुमूल्य वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचता रहेगा और पर्यावरण पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ेगा."
- 10 हजार बच्चे वाले माता पिता की अद्भुत दास्तां, रीवा की 105 एकड़ जमीन में बसा दिया प्रेम वन
- शहडोल का रेनफॉरेस्ट बॉडीगार्ड! न जमीन न सरकारी बजट, खड़ा किया 1000 पेड़ों का जंगल
इस संबंध में वन विभाग के एसडीओ सुधीर पटेल ने बताया कि "2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. उनसे पूछताछ जारी है और एक अल्टो कार भी जब्त की गई है. जांच के आधार पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी."

