ETV Bharat / state

किसानों को सरकार का तोहफा, 100 लाख टन गेहूं खरीदी का टारगेट, शनिवार को भी खुलेगी मंडी

विदिशा में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के लिए की घोषणाएं, अब 6 दिन होगी गेहूं की खरीदी, गोदाम बने खरीदी केंद्र.

WHEAT PROCUREMENT SLOT BOOKING DATE
6 दिन होगी गेहूं की खरीदी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : April 26, 2026 at 10:27 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रायसेन: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार देर शाम रायसेन का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने रायसेन, विदिशा और सीहोर जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की. बैठक का मुख्य प्रारूप रबी फसलों, विशेषकर गेहूं और चने की सरकारी खरीद की समीक्षा करना और किसानों को आ रही समस्याओं का समय पर उचित समाधान करना था.

100 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी करेगी सरकार
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि, ''इस वर्ष मध्य प्रदेश में गेहूं के बंपर उत्पादन को देखते हुए खरीद के लक्ष्यों में परिवर्तन किया गया है.'' उन्होंने बताया कि, ''पिछले वर्ष मध्य प्रदेश में 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हुई थी. इस वर्ष के लिए पहले 78 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य था, जिसे अब बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है.

किसानों को सरकार का तोहफा (ETV Bharat)

5 नहीं 6 दिन होगी गेहूं की खरीदी
शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के हित में कई बड़े फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि, ''अब से खरीदी 5 की जगह 6 दिन होगी. शनिवार के दिन भी फसलों की खरीदी की जाएगी. वही स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 9 मई कर दिया गया है और गोदाम स्तर पर खरीदी मंडियों के साथ-साथ अब गोदामों को भी खरीदी केंद्र बनाया गया है ताकि बारिश की स्थिति में फसल सुरक्षित रहे. तौल की सीमा में वृद्धि प्रति केंद्र तौल की सीमा को 1500 क्विंटल से बढ़ाकर 2250 क्विंटल कर दिया गया है.''

चने की खरीदी पर विदिशा के किसानों को राहत दी. विदिशा जिले से चने में तेवड़ा की मिलावट संबंधी शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि थोड़ी मात्रा में तेवड़ा होने पर भी खरीदी नहीं रोकी जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि, किसानों को अनावश्यक रूप से किसानों को परेशान न किया जाए.

अल नीनो से निपटने की तैयारी
मानसून और अल-नीनो के प्रभाव पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि, ''सरकार मौसम विभाग की रिपोर्ट पर नजर बनाए हुए है. मई में आने वाली फाइनल रिपोर्ट के आधार पर खरीफ फसलों की रणनीति और बीमा योजनाओं पर काम किया जाएगा.'' उन्होंने कहा कि, ''किसानों की सेवा ही हमारे लिए भगवान की पूजा है और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि हर किसान की फसल का उचित मूल्य समय पर मिले.''