नए साल का पहला दिन: रायपुर राम मंदिर पहुंचे श्रद्धालु, कहा- मानसिक शांति जरूरी, जो मिलता है किस्मत और भगवान की इच्छा से
नववर्ष के पहले दिन रायपुर के मंदिरों में भीड़, राम मंदिर में भक्तों ने भगवान से प्रार्थना कर सुख-शांति खुशहाली और समृद्धि की कामना की.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 1, 2026 at 3:06 PM IST
रायपुर. नए साल के पहले दिन लोग अलग-अलग मंदिरों में पहुंचकर पूजा अर्चना कर भगवान से सुख-शांति की कामना कर रहे हैं. ऐसे में राजधानी के VIP चौक स्थित श्रीराम मंदिर में भी नए साल 2026 के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. सुबह से ही लोग भगवान राम के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे. श्रद्धालुओं का मानना है कि अगर नए साल की शुरुआत भगवान के दर्शन से की जाए, तो पूरा साल अच्छा गुजरता है. मंदिर परिसर में भक्तों का उत्साह और आस्था साफ नजर आई.
देश, परिवार और करियर के लिए की प्रार्थना: मंदिर पहुंची एक श्रद्धालु ने बताया कि उन्होंने भगवान से देश से गरीबी और महामारी जैसी समस्याओं के खत्म होने की प्रार्थना की. साथ ही उन्होंने नए साल 2026 को सभी के लिए बेहतर बनाने की कामना की. उन्होंने अपने परिवार की खुशहाली और अपने आने वाले एग्जाम में अच्छे परिणाम की भी प्रार्थना की.

बिना मांगे केवल दर्शन करने पहुंचे भक्त: एक भक्त ने कहा कि वे भगवान से कुछ मांगने नहीं, बल्कि केवल दर्शन करने आए हैं. उनका मानना है कि जो भी मिलता है, वह किस्मत और भगवान की इच्छा से मिलता है. साल के पहले दिन मंदिर आकर उन्हें मानसिक शांति जरूर मिलती है.
बीते साल में भगवान से मिली हर चीज के लिए धन्यवाद देने मंदिर आई हूं. भगवान से प्रार्थना की कि साल 2026 में भी इसी तरह कृपा बनी रहे. भगवान जो भी करते हैं, वह हमारे भविष्य के लिए अच्छा होता है.- युवा श्रद्धालु
अपने परिवार और समाज के सभी लोगों के लिए सुख, शांति और खुशहाली की कामना लेकर मंदिर आई हूं. यह भी प्रार्थना है कि नए साल में किसी के साथ कोई दुर्घटना या परेशानी न हो- महिला भक्त

नए साल पर सेवा का संदेश: श्रद्धालुओं ने बताया कि नए साल की शुरुआत ईश्वर की पूजा के साथ-साथ बेजुबान जानवरों की सेवा से भी करनी चाहिए. उनका मानना है कि बेजुबान भी ईश्वर का ही रूप हैं और उनकी सेवा करना पुण्य का काम है.

2026 के लिए सकारात्मक उम्मीदें: कुछ श्रद्धालुओं ने कहा कि साल 2025 उनके लिए अच्छा रहा, वहीं कुछ का कहना है कि जैसा भी रहा भगवान ने कुछ सोच के ही दिया होगा. अब वे चाहते हैं कि साल 2026 भी शांति, समृद्धि और खुशहाली से भरा हो. नए साल के मौके पर मंदिर में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा. खासकर राम मंदिर में उत्साह का माहौल रहा.

