पुलिस का ‘क्राइम क्लीन-अप 2025’: 90 हत्या, 97 हत्या प्रयास, 1442 चोरी मामलों में बड़ी कार्रवाई, जानिए अपराध से जुड़े आंकड़े
2025 में रायपुर पुलिस ने ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है. 445 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया. 2.81 करोड़ की ड्रग्स जब्त की है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 4, 2026 at 6:36 PM IST
रायपुर. साल 2025 रायपुर पुलिस के लिए कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ. रायपुर पुलिस का दावा है कि ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अंतर्राज्यीय-अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल को ध्वस्त किया गया है. साल 2025 का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए पुलिस ने कई आंकड़े दिए हैं.
445 नशा तस्करों की गिरफ्तारी और ₹2.81 करोड़ की ड्रग्स जब्ती के साथ ही हत्या, लूट, डकैती, नकबजनी, चोरी जैसे संगीन अपराधों में सैकड़ों आरोपियों पर कठोर कार्रवाई करने का दावा किया गया. SP ने कहा कि अवैध हथियारों, साइबर ठगी, सट्टा-जुआ और ट्रैफिक माफिया के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ अभियान ने अपराधियों में खौफ और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया.
नशे के खिलाफ ‘ऑपरेशन निश्चय’ की बड़ी कार्रवाई: नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए गए ऑपरेशन निश्चय के तहत रायपुर पुलिस ने गांजा, चिट्टा, अफीम, एमडीएमए एवं अन्य मादक पदार्थों के संगठित नेटवर्क को ध्वस्त किया. पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड सहित कई राज्यों के साथ-साथ पाकिस्तान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर भी कार्रवाई की गई. इस अभियान में कुल 70 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

ड्रग कार्टेल ध्वस्त, 13 बड़े नेटवर्क समाप्त: नशा तस्करी में लिप्त 13 बड़े ड्रग कार्टेल को पूरी तरह ध्वस्त किया गया, जिनमें सुबित श्रीवास्तव, पिंडर उर्फ रूपिंदर सिंह, मनमोहन सिंह संधु, नाज्या मलिक, कमलेश अरोड़ा, बगोल सिंह, आयुष दुबे, गगनदीप सिंह, पराग बरठा, अब्दुल करीम, मनीष रोचलानी, कैलाश बिश्नोई और दिलबाग सिंह के नेटवर्क शामिल हैं. इन नेटवर्क के माध्यम से चल रहे एंड-टू-एंड ड्रग सप्लाई चैन को पूरी तरह खत्म किया गया.
NDPS एक्ट के तहत रिकॉर्ड कार्रवाई: 2025 में नारकोटिक एक्ट के तहत कुल 271 प्रकरणों में 445 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के कब्जे से गांजा, हेरोइन, ब्राउन शुगर, अफीम, चरस, एमडीएमए, नशीली टैबलेट, सिरप एवं अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए गए. जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹2 करोड़ 81 लाख रही.

आर्म्स एक्ट के तहत अवैध हथियारों पर सख्ती: आर्म्स एक्ट के तहत 2025 में 561 केस में 566 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई. कार्रवाई के दौरान 543 चाकू, 7 तलवार, 5 रिवॉल्वर, 8 देशी कट्टा, 2 पिस्टल और 141 कारतूस जब्त किए गए, जिससे अवैध हथियारों की आपूर्ति पर अंकुश लगने का दावा किया गया.
सट्टा, जुआ और ऑनलाइन अपराध पर कड़ा प्रहार: सट्टा एवं जुआ एक्ट के तहत 73 प्रकरणों में 88 आरोपियों पर कार्रवाई कर 9 लाख 10 हजार रुपए से अधिक की मशरूका जब्त की गई. जुआ एक्ट के 153 मामलों में 709 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई. वहीं, ऑनलाइन सट्टा और ठगी के मामलों में रायपुर पुलिस ने अन्य राज्यों में भी दबिश देकर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की.
एनसीआर पोर्टल और साइबर ठगी पर कार्रवाई: 2025 में एनसीआर पोर्टल के माध्यम से 8680 ऑनलाइन ठगी शिकायतें मिलीं. इसमें 11.25 करोड़ रुपए की राशि होल्ड कराई गई. 90 लाख रुपये से अधिक की राशि पीड़ितों को रिफंड भी कराई गई. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अवैध गतिविधियों में संलिप्त 250 से अधिक ID ब्लॉक की गईं और 95 आपत्तिजनक पोस्ट हटवाई गईं.

गंभीर अपराधों में गिरफ्तारी और खुलासे
- हत्या के 90 मामलों में 167 आरोपी
- हत्या के प्रयास के 97 मामलों में 213 आरोपी
- डकैती के 7 मामलों में 43 आरोपी
- लूट के 71 मामलों में 137 आरोपी
- नकबजनी के 473 मामलों में 352 आरोपी
- चोरी के 1442 मामलों में 422 आरोपी
- धोखाधड़ी के 292 मामलों में 170 आरोपी गिरफ्तार हुए
अंतर्राज्यीय गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई: नकबजनी और चोरी के मामलों में अंतर्राज्यीय गिरोह का भी पर्दाफाश हुआ. अंतर्राज्यीय गिरोह के 32 और स्थानीय गिरोहों के 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. बिहार, महाराष्ट्र, झारखंड, तमिलनाडु सहित अन्य राज्यों के सक्रिय गिरोहों का पर्दाफाश किया गया.
यातायात को लेकर रायपुर पुलिस का साल भर एक्शन
- यातायात नियमों के उल्लंघन पर 2025 में 1.44 लाख से अधिक चालानी कार्रवाई
- 14.32 करोड़ रुपए से अधिक का समन शुल्क वसूली
- 2046 मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित
- शराब पीकर वाहन चलाने वाले 1711 चालकों और तेज रफ्तार वाहनों के 10,866 मामलों में कार्रवाई
सड़क दुर्घटनाओं में राहत और ‘पुलिस मितान’ योजना: सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता करने वाले 39 गुड सेमेरिटन को सम्मानित किया गया. पुलिस मितान योजना के तहत 4500 से अधिक नागरिकों को जोड़कर सड़क सुरक्षा और आपात सहायता व्यवस्था को मजबूत किया गया.
गुमशुदा बच्चों की बरामदगी में सफलता: वर्ष 2025 में गुम बालक-बालिकाओं के कुल 600 केस दर्ज किए गए, जिनमें से 413 बच्चों को प्रदेश सहित अन्य राज्यों से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा गया.
वर्ष 2025 में रायपुर पुलिस ने नशा, अपराध, साइबर ठगी और यातायात अव्यवस्था के खिलाफ व्यापक और ठोस कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का दावा किया है.

