स्कूटी सवार से लाखों रुपए कैश बरामद, हवाला कारोबार से लिंक का अंदेशा, आईटी टीम कर रही जांच
रायपुर पुलिस ने स्कूटी में लाखों रुपए ले जा रहे युवक को पकड़ा है. पुलिस के मुताबिक पैसा हवाला कारोबार से जुड़ा हो सकता है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 28, 2026 at 7:09 PM IST
रायपुर : रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान में शामिल एंटी क्राइम ब्रांच और साइबर यूनिट के पदाधिकारी ने स्कूटी से 75 लाख रुपए कैश बरामद किए हैं. इसे लेकर जांच पड़ताल तेज हो गई है . प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह हवाला का पैसा है जो रायपुर में पेडलर पहुंचाने के लिए ले जा रहा था.
थैले में रखा था कैश
इस संबंध में आजाद चौक थाने से मिली जानकारी के अनुसार होली के मद्देनजर सभी सड़कों पर वाहन चेकिंग की जा रही है. पुलिस कमिश्नर रायपुर के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्र के तहत यह चेकिंग चलाया जा रहा है. इसी क्रम में आजाद चौक थाना क्षेत्र के समता कॉलोनी के एमसीपी पॉइंट पर एंटी क्राइम ब्रांच और साइबर यूनिट के साथ ही आजाद नगर थाने की पुलिस गाड़ी की चेकिंग कर रही थी.इस दौरान सीजी 04 एन जे 8956 नंबर की स्कूटी को रोका गया.इसमें एक थैला रखा हुआ था. थैले की जांच करने पर इसमें भारी मात्रा में नकद राशि मिली इसके बाद पुलिस ने उस बैग को कब्जे में ले लिया.
रायपुर निवासी है आरोपी
पुलिस कमिश्नर रायपुर कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वाहन में सवार व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम मिलन शर्मा निवासी आजाद चौक बताया. नकद राशि के संबंध में पूछताछ करने और दस्तावेज पेश करने में मिलन शर्मा असमर्थ रहा.इस दौरान पुलिस टीम के सदस्यों को मिलन लगातार गुमराह कर रहा था. मिलन शर्मा के कब्जे से कुल 75 लाख रुपए नकद, 4 नग मोबाइल और स्कूटी जब्त की गई है.
आयकर विभाग कर रही है जांच
आरोपी के खिलाफ थाना आजाद चौक में इस्तगासा क्रमांक 01/2026, धारा 106 बीएनएसएस के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही करते हुए प्रकरण की सूचना आयकर विभाग को दी गई है.इसमें आयकर विभाग अग्रिम जांच कर रही है.
शहीदों के सम्मान में 2700KM की साइकिल यात्रा, सुकमा से लद्दाख के लिए निकला दोरनापाल का युवा
धान बोनस की राशि सीएम साय ने की अंतरित, महासमुंद के किसानों की होली बनेगी यादगार
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस, सौम्या चौरसिया की जमानत याचिका बिलासपुर हाई कोर्ट से मंजूर

