राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, एक आरोपी विदेश से लौटा था
ऑनलाइन सट्टा कारोबार के आरोपियों के कब्जे से नगद 50 लाख बरामद हुए हैं. चारों आरोपी रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 9, 2026 at 4:09 PM IST
रायपुर: जिला पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है. रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा चला रहे 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई सिंधु भवन पार्किंग के पास की गई.
कैसे हुई गिरफ्तारी?: गंज पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक चार पहिया वाहन में बैठकर ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया.
आरोपियों का क्रिमिनल रिकॉर्ड: SSP लाल उमेद सिंह ने बताया कि आरोपियों में से कुछ लोग हाल ही में विदेश यात्रा से लौटे हैं. वहां भी उन्होंने बहुत पैसे खर्च किए हैं. साथ ही कुछ आरोपियों का पहले भी बलवा और सट्टा का क्रिमिनल रिकॉर्ड रहा है.
क्या-क्या बरामद हुआ?: पुलिस ने आरोपियों के पास से 50 लाख रुपये नकद, लैपटॉप, मोबाइल फोन, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, चेकबुक, कैलकुलेटर जैसे कई अहम सामान जब्त किए हैं.

ऑनलाइन बेटिंग साइट्स के जरिए सट्टा: जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन बेटिंग साइट्स के जरिए सट्टा चला रहे थे. आरोपी साइट्स के मास्टर आईडी और यूजर आईडी उपलब्ध कराकर लोगों से सट्टा खिलवाते थे.
इन वेबसाइट्स का इस्तेमाल किया जा रहा था-
- Allpanelexch.com
- Power7777.com
- Powerexch.com
- Classicexch99.com
चारों आरोपी रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं. इनमें रितेश गोविंदानी और विक्रम राजकोरी पहले भी जेल जा चुके हैं. पकड़े गए आरोपियों में से एक विक्रम राजकोरी कुछ दिन पहले ही विदेश यात्रा से वापस लौटा था. आरोपी अनाप-शनाप तरीके से पैसा खर्च कर रहे थे, जिस पर पुलिस पहले से नजर बनाए हुए थी.- लाल उमेद सिंह, SSP
गिरफ्तार किए गए चार आरोपी
- रितेश गोविंदानी
- मोहम्मद अख्तर
- विक्रम राजकोरी
- सागर पिंजानी
चारों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.

