रायपुर कोर्ट बम धमकी मामला: अगले ही दिन कामकाज सामान्य, वकील बोले- कुछ दिन और होनी थी अतिरिक्त सुरक्षा
जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी के बाद गुरुवार को कोर्ट में सुरक्षा बढ़ाई गई थी. इसके उलट शुक्रवार को हालात समान्य रहे.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 9, 2026 at 3:33 PM IST
रायपुर: गुरुवार को मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के जरिए मिली थी. धमकी के बाद गुरुवार को पुलिस अलर्ट मोड में दिखी और कई जिलों के कोर्ट परिसरों में सघन जांच अभियान चलाया गया. रायपुर जिला न्यायालय में भी सुरक्षा बढ़ाई गई और पूरे परिसर की तलाशी ली गई. हालांकि अगले ही दिन कामकाम और सुरक्षा सामान्य रही.
गुरुवार को हाई अलर्ट, पुलिस ने की सघन जांच: धमकी मिलने के बाद रायपुर कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था. पुलिस ने करीब तीन घंटे तक कोर्ट परिसर में चेकिंग अभियान चलाया. बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, कोर्ट के सभी गेट पर जांच की गई. पुलिस ने हर आने-जाने वाले व्यक्ति की तलाशी ली, लेकिन किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई.

शुक्रवार को सामान्य रहा कोर्ट परिसर: गुरुवार की कड़ी सुरक्षा के उलट, शुक्रवार को रायपुर कोर्ट परिसर में हालात पूरी तरह सामान्य नजर आए. सामान्य दिनों की तरह कोर्ट का कामकाज हुआ. अतिरिक्त सुरक्षा या चेकिंग अभियान नहीं हुआ.
धमकी के बाद कम से कम 1 से 2 दिनों तक कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनी रहनी चाहिए थी. गुरुवार को जो सुरक्षा व्यवस्था दिखाई दी थी, वह शुक्रवार को पूरी तरह गायब रही.- अधिवक्ता हरिंदर सिंह चावला
धमकी के बाद पुलिस ने कोर्ट परिसर और सभी गेट पर सघन जांच की थी. घंटों चले तलाशी अभियान के बावजूद कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. गुरुवार को अफरा-तफरी का माहौल था, लेकिन शुक्रवार को कोर्ट में सब कुछ सामान्य रहा.- अधिवक्ता आदित्य कुमार तिवारी

बम धमकी जैसी गंभीर घटना के बाद सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. अधिवक्ताओं का मानना है कि एहतियात के तौर पर कुछ दिनों तक सुरक्षा व्यवस्था जारी रहनी चाहिए थी.


