नए साल पर मिलेगा बर्फबारी और बारिश का 'तोहफा', इतने दिन खराब रहेगा मौसम
नए साल पर हिमाचल में बारिश बर्फबारी की संभावना है. लोग लंबे समय से बारिश बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 31, 2025 at 10:15 AM IST
शिमला: हिमाचल में पिछले कई दिनों से ड्राई स्पेल चल रहा है. मानसून के विदा होने के बाद सामान्य से भी कम बारिश हुई है. लंबे ड्राई स्पेल के कारण किसानों-बागवानों की मुश्किलें बढ़ गई है. लोग लंबे समय से बारिश और बर्फबारी का इतंजार कर रहे हैं. पर्यटक भी पहाड़ों पर बर्फबारी देखने के लिए नए साल पर हिमाचल पहुंच रहे हैं. अब नए साल पर मौसम करवट बदल सकता है.
पश्चिनी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते आज शिमला, सोलन, मंडी समेत कई जिलों में बादल छाए हुए हैं. इससे बारिश बर्फबारी की संभावना बढ़ गई है. बारिश और बर्फबारी से तापमान गिर सकता है. सूखे के कारण कई स्थानों पर तापमान सामान्य से ऊपर चला गया था, लेकिन नए साल पर लोगों को बर्फबारी और बारिश देखने को मिल सकती है. प्रदेश में बादलों की गड़गड़ाहट, बारिश की रिमझिम और कहीं पर बर्फ की सफेदी से ढके पहाड़ 81 दिन से चले आ रहे ड्राई स्पेल को खत्म कर सुकून देंगे.
यहां होगी बर्फबारी और बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर और 1 जनवरी को चंबा, कुल्लू, लाहौल स्पीति, कांगड़ा, मंडी, किन्नौर में हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है, जबकि अन्य इलाकों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन सिरमौर में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. 2 जनवरी को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम साफ रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में आज और कल पश्चिमी विक्षोभ अधिक सक्रिय दिखेगा. 2 जनवरी के बाद मौसम साफ रहेगा. बारिश और बर्फबारी के बाद कई इलाकों में न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.
नए साल पर पूरे होंगे अरमान
नए साल पर सैलानियों को बर्फबारी का तौहफा मिल सकता है. इस समय हिमाचल में नए साल पर बर्फबारी देखने के लिए कई सैलानी हिमाचल पहुंच रहे हैं. इसके चलते होटलों में ऑक्यूपेंसी फुल चल रही है. बर्फबारी होन से पर्यटन कारोबार भी बढ़ेगा और 81 दिनों से चल रहा ड्राई स्पेल भी टूटेगा. बारिश बर्फबारी के बाद कृषि और बागवानी कार्यों में भी तेजी आएगी.
30 दिनों में हुई 0.2 मिलीमीटर बारिश
हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से ड्राई स्पेल जारी है. 1 दिसंबर से 30 दिसंबर तक मात्र 0.2 मिलीमीटर बारिश हुई है. वहीं, इस दौरान प्रदेश में सामान्य बारिश का आंकड़ा 36.2 मिलीमीटर बारिश का है. इस तरह से प्रदेश में दिसंबर महीने में अभी तक सामान्य से 99 फीसदी कम दर्ज की गई है. जिसका सबसे ज्यादा नुकसान कृषि और बागवानी को हुआ है.

