हरियाणा में अगले 48 घंटे मौसम के लिहाज से अहम, भारी बारिश का संभावना, 19 से कमजोर पड़ेगा मानसून
हरियाणा में अगले 48 घंटे मौसम के लिहाज से अहम हैं. 17 और 18 अगस्त को उत्तरी जिलों में भारी बारिश की संभावना है.

Published : August 16, 2026 at 9:18 AM IST
चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की गतिविधियां फिलहाल बनी हुई हैं, लेकिन अगले दो दिनों में इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 16 अगस्त को प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है. इसके बाद 17 अगस्त से उत्तरी हरियाणा में मानसून फिर सक्रिय होने के संकेत हैं. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
हरियाणा में बारिश का अलर्ट: वहीं प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा. 18 अगस्त को भी उत्तरी हरियाणा के कुछ इलाकों में बारिश का असर देखने को मिलेगा, जबकि 19 अगस्त से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है.
WEATHER WARNING #PUNJAB #HARYANA DISTRICTWISE DATED 15-08-26 pic.twitter.com/Lwg7fWuqb2
— IMD Chandigarh (@IMD_Chandigarh) August 15, 2026
पिछले 24 घंटे में भिवानी में सबसे ज्यादा बारिश: पिछले 24 घंटे में हरियाणा के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. आंकड़ों के मुताबिक भिवानी में सबसे ज्यादा 46.5 मिलीमीटर बारिश हुई. इसके बाद करनाल में 27.5 एमएम, अंबाला में 26.7 एमएम और कैथल में 21 एमएम बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा सोनीपत में 19.5 एमएम, पंचकूला में 18.5 एमएम और बालसमंद-हिसार में 15.5 एमएम बारिश हुई.
17 अगस्त को उत्तरी हरियाणा पर मौसम मेहरबान: चंडीगढ़ मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 17 अगस्त को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. यानी अगले 24 से 48 घंटे में उत्तरी हरियाणा एक बार फिर मानसून की गतिविधियों का केंद्र बन सकता है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन में भी पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है.
18 अगस्त को भी बारिश का असर: 18 अगस्त को यमुनानगर और पंचकूला के आसपास के इलाकों में बारिश का असर जारी रहने की संभावना है. इसके अलावा प्रदेश के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि यह बारिश पूरे प्रदेश में एक समान नहीं होगी. उत्तरी जिलों में मानसून अपेक्षाकृत ज्यादा सक्रिय रहेगा, जबकि दक्षिणी और पश्चिमी हरियाणा में बारिश की गतिविधियां सीमित रह सकती हैं.
Observed #Maximum #Temperature over #Punjab, #Haryana & #Chandigarh dated 15-08-2026 pic.twitter.com/nzrwUW7N7g
— IMD Chandigarh (@IMD_Chandigarh) August 15, 2026
19 अगस्त से बारिश की रफ्तार होगी कम: मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 19 अगस्त को हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी. केवल कुछ स्थानों पर हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है. इससे साफ है कि फिलहाल प्रदेश में मानसून पूरी तरह कमजोर नहीं हुआ है, लेकिन इसका प्रभाव क्षेत्र सीमित होता जा रहा है. उत्तरी हरियाणा में बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि मध्य और दक्षिण-पश्चिमी जिलों में मौसम ज्यादा परिवर्तनशील रहने की संभावना है.
अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री की बढ़ोतरी: बारिश के बावजूद प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. फरीदाबाद में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके अलावा सिरसा में 35.4 डिग्री, रोहतक में 35.3 डिग्री और हिसार में 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं उत्तरी हरियाणा के कुछ जिलों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा. अंबाला में अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और पंचकूला में 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट: रात के तापमान की बात करें तो प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. हालांकि यह तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है. भिवानी में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. चंडीगढ़ में यह 24.8 डिग्री, करनाल और गुरुग्राम में 25 डिग्री, जबकि सोनीपत में 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा. दूसरी तरफ पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में रात का तापमान अपेक्षाकृत ज्यादा रहा. सिरसा में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और फरीदाबाद में 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मानसून की चाल अब उत्तरी हरियाणा तक सिमटने के संकेत: मौसम के मौजूदा पैटर्न को देखें तो हरियाणा में मानसून की गतिविधियां अब एक समान नहीं हैं. पिछले दिनों बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई, लेकिन अब मानसूनी हवाओं के कमजोर पड़ने के संकेत हैं. यही वजह है कि अगले दो दिन प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहने के बावजूद 19 अगस्त से गतिविधियां कमजोर होने का अनुमान है. दूसरी तरफ पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र जैसे उत्तरी जिलों में मानसून की सक्रियता अपेक्षाकृत ज्यादा रह सकती है. कुल मिलाकर, हरियाणा में अगले 48 घंटे मौसम के लिहाज से अहम हैं. 17 और 18 अगस्त को उत्तरी जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि बाकी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 19 अगस्त से बारिश का दौर कमजोर पड़ने के आसार हैं.
ये भी पढ़ें- जलभराव के बाद गुरुग्राम की सड़क पर चली नाव, विवाद बढ़ता देख कंपनी ने मांगी माफी

