रेलवे का होली प्लान: यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेनें घोषित, दिल्ली स्टेशनों पर 1–3 मार्च तक पार्सल बुकिंग पर अस्थायी रोक
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि जानकारी के लिए NTES ऐप का उपयोग करें या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें.

Published : February 27, 2026 at 6:35 AM IST
नई दिल्ली: उत्तर रेलवे ने आगामी होली पर्व के दौरान रेल यात्रियों की सुविधा व भीड़भाड़ को देखते हुए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए कई नई 'होली स्पेशल' ट्रेनें चलाने की घोषणा की गई है. साथ ही पहले से चल रही ट्रेनों के फेरों में विस्तार किया गया है. वही होली पर अतिरिक्त भीड़भाड़ को देखते हुए दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर पार्सल बुकिंग अस्थाई तौर पर रोक दी गई है.
होली स्पेशल ट्रेनों का विवरण:
अमृतसर - पटना - अमृतसर स्पेशल (04664/04663): ये ट्रेन अमृतसर से 27 फरवरी, 2 मार्च और 5 मार्च को चलेगी. वापसी में यह पटना से 28 फरवरी, 3 मार्च और 6 मार्च 2026 को प्रस्थान करेगी. ये ट्रेन जालंधर सिटी, लुधियाना (धंदारी कलां), अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी व पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी.
आनंद विहार - गोरखपुर - आनंद विहार स्पेशल (04026/04025): आनंद विहार से ये ट्रेन 27 फरवरी से 2 मार्च तक और गोरखपुर से 28 फरवरी से 3 मार्च तक चलेगी. इसमें केवल वातानुकूलित (AC) कोच होंगे. ये ट्रेन गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर व गोंडा के रास्ते चलाई जाएगी.
नई दिल्ली - पटना - नई दिल्ली स्पेशल (04088/04087): नई दिल्ली से ये ट्रेन 27 फरवरी से 3 मार्च तक 5 फेरों के लिए चलेगी. पटना से वापसी में यह 28 फरवरी से 4 मार्च, 2026 तक संचालित होगी. इसके प्रमुख ठहराव टुंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, बक्सर व आरा जंक्शन होंगे.
कलबुर्गी - हजरत निजामुद्दीन - कलबुर्गी स्पेशल (01301/01302): ये स्पेशल ट्रेन कलबुर्गी से 26 फरवरी को और हजरत निजामुद्दीन से 1 मार्च को एक फेरे के लिए चलेगी. यह ट्रेन बीदर, लातूर रोड, इटारसी, रानी कमलापति व आगरा कैंट जैसे स्टेशनों पर रुकेगी.
ट्रेनों की अवधि में किया गया विस्तार: होली पर रेल यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनल - बलिया - आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल एक्सप्रेस (04056/04055) की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है. अब ये गाड़ी संख्या 04056 आनंद विहार से 4 मार्च से 25 मार्च तक और गाड़ी संख्या 04055 बलिया से 5 मार्च से 26 मार्च तक अपनी मौजूदा समय सारणी के अनुसार चलेगी.
पार्सल बुकिंग पर अस्थायी प्रतिबंध: उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि त्योहार के दौरान स्टेशनों पर होने वाली भीड़ को प्रबंधित करने के लिए दिल्ली क्षेत्र में पार्सल यातायात पर अस्थायी प्रतिबंध लगाए गए हैं. 1 मार्च से 3 मार्च तक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (प्लेटफॉर्म संख्या 6/7, 8/9 और 14/15) और आनंद विहार टर्मिनल (प्लेटफॉर्म संख्या 2/3) से शुरू होने वाली या वहां रुकने वाली ट्रेनों में सभी प्रकार की पार्सल बुकिंग प्रतिबंधित रहेगी. हालांकि यात्रियों को अपने साथ व्यक्तिगत सामान ले जाने की अनुमति होगी और पंजीकृत समाचार पत्रों व पत्रिकाओं की बुकिंग सुरक्षा मानकों के साथ की जा सकेगी. यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे ट्रेनों की नवीनतम जानकारी के लिए NTES ऐप का उपयोग करें या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें.
यह भी पढ़ें-
यूपी को पीएम मोदी की बड़ी सौगात, मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल को दिखाई हरी झंडी

