रांची रेलवे में प्रशासनिक फेरबदल, हटाई गईं सीनियर डीसीएम शुचि सिंह
सीबीआई की कार्रवाई के बाद रांची रेलवे में प्रशासनिक फेरबदल हुई है.

Published : March 26, 2026 at 3:57 PM IST
रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे रांची में सीबीआई की हालिया कार्रवाई के बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है. रेलवे मुख्यालय की अधिसूचना के अनुसार, रांची की सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर (DCM) शुचि सिंह को उनके पद से हटा दिया गया है. उनकी जगह अब श्रेया सिंह को नया सीनियर डीसीएम नियुक्त किया गया है.
बता दें कि हाल ही में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रांची में दक्षिण पूर्व रेलवे के चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर (CCI) को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था. सीबीआई के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने एक शिकायतकर्ता के लगभग 8.70 लाख रुपये के लंबित बिलों के भुगतान के एवज में 10 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी. इसी मामले में ट्रैप बिछाकर सीबीआई ने आरोपी को 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए गिरफ्तार किया.

इस कार्रवाई के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया और पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया. इस प्रकरण में विभाग के कुछ अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिसके चलते आगे और कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
हालांकि, सीबीआई द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में किसी अधिकारी का नाम कहीं भी शामिल नहीं है. ऐसे में रेलवे मुख्यालय द्वारा किया गया यह प्रशासनिक फेरबदल एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है या फिर हालिया घटनाक्रम से जुड़ा निर्णय, इस पर आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की गई है.
फिलहाल, रेलवे प्रशासन ने नई सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह को रांची में कमर्शियल विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है. ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जांच की दिशा और प्रशासनिक फैसलों से स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी.
इसे भी पढ़ें- CBI की रेलवे में रिश्वतखोरी के खिलाफ एक्शन, रांची के मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक गिरफ्तार
इसे भी पढ़ें- रांची में मंडलीय सांसद समिति की बैठक, लंबित रेल योजनाओं की समीक्षा
इसे भी पढ़ें- टाटी स्टेशन पर विकास कार्य से ट्रेनों के परिचालन पर असर, कुछ रद्द तो कइयों के समय में बदलाव

