ETV Bharat / state

बहराइच में रूपईडीहा रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का संचालन शुरू; रेलमंत्री और CM योगी करेंगे उद्धाटन

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बहराइच के रूपईडीहा के नव निर्मित रेलवे स्टेशन पर दोपहर 1:30 बजे पहुंचेंगे.

बहराइच में रूपईडीहा रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का संचालन शुरू.
बहराइच में रूपईडीहा रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का संचालन शुरू. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 31, 2026 at 6:50 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बहराइच: जिले की भारत-नेपाल सीमा पर बने रूपईडीहा रेलवे की तस्वीर बदल गई है. करीब ढाई वर्ष से इस मार्ग पर आमान परिवर्तन के चलते इस मार्ग पर ट्रेन का संचालन बंद था. यह मार्ग सीधे पड़ोसी राष्ट्र नेपाल तक जाता है. इस मार्ग पर 31 अगस्त 2026 से ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा.

बहराइच वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, पूर्वात्तर रेलवे, लखनऊ मंडल अरिजीत सिंह ने बताया कि भारतीय रेलवे द्वारा आधुनिक, सुरक्षित और सुगम रेल सेवाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे निरंतर काम के तहत रुपईडीहा रेलवे स्टेशन का विकास हुआ है.

इस योजना के तहत बहराइच में नवनिर्मित, विद्युतीकृत बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड ब्रॉड गेज रेल लाइन का 31 अगस्त 2026 को दोपहर 01:30 बजे मंत्री रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार अश्विनी वैष्णव द्वारा वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन करेंगे.

इसके साथ ही गाड़ी संख्या 14213/14 वाराणसी-बहराइच एक्सप्रेस ट्रेन, गाड़ी संख्या 15131/32 वाराणसी सिटी-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन और गोंडा-बहराइच के मध्य चलने वाली गाड़ी संख्या 75109/10 एवं 75111/75112 डेमू ट्रेनों का नेपालगंज रोड तक के विस्तार का भी शुभारंभ किया जाएगा.

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बहराइच के रूपईडीहा के नव निर्मित रेलवे स्टेशन पर दोपहर डेढ़ बजे पहुंचेंगे और इसके बाद केंद्रीय रेल मंत्री के साथ वर्चुअल उद्घाटन करेंगे. इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है.

इसका जायजा लेने के लिए डीएम अक्षय त्रिपाठी और एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने रेलवे अधिकारियों के साथ व्यवस्था देखी. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवानों के साथ आरपीएफ व जीआरपी जवानों को भी लगाया गया है.

यह भी पढ़ें: सीएम योगी बोले- JPNIC सपा के भ्रष्टाचार का जीवंत स्मारक, प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का अड्डा जैसा बना दिया था