भारत-पाक सीमा के पास रेलवे का बड़ा कदम, जोधपुर-जैसलमेर ट्रैक के नवीनीकरण को मिली मंजूरी
713 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 291 किमी लंबे ट्रैक का नवीनीकरण किया जाएगा, जो सामरिक व पर्यटन कनेक्टिविटी के लिए अहम है.

Published : August 25, 2026 at 5:17 PM IST
जोधपुर: सामरिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राईका बाग-जैसलमेर रेलखंड के लिए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है. करीब 713 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 291 किलोमीटर लंबे रेलखंड के रेल पथ का व्यापक नवीनीकरण किया जाएगा. इस परियोजना को कार्य स्वीकृति मिल चुकी है. इसके तहत पुराने रेल पथ को बदलकर नया और मजबूत ट्रैक तैयार किया जाएगा.
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि पूरे कार्य के अंतर्गत 268 किलोमीटर रेल लाइन की पटरी का पूरी तरह से नवीनीकरण किया जाएगा, जबकि 23 किलोमीटर हिस्से में पुराने स्लीपरों को नए स्लीपरों से बदला जाएगा. इससे बॉर्डर जिले जैसलमेर तक रेल पथ की मजबूती बढ़ेगी और ट्रेनों के सुरक्षित व सुचारू संचालन में मदद मिलेगी.
इसे भी पढ़ें- रुणिचा एक्सप्रेस का रूट बदला : 44 दिन रींगस नहीं जाएगी ट्रेन, खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को होगी परेशानी
चरणबद्ध तरीके से होगा काम: अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि राईका बाग से मारवाड़ बीठड़ी तक 0 से 160 किलोमीटर के हिस्से में पूरी रेल पटरी का नवीनीकरण किया जाएगा. इसके बाद 160 से 183 किलोमीटर तक के 23 किलोमीटर हिस्से में केवल स्लीपरों का नवीनीकरण होगा. वहीं, 183 से 291 किलोमीटर तक के 108 किलोमीटर हिस्से में पूरी पटरी बदली जाएगी. इस तरह राईका बाग से जैसलमेर तक पूरे 291 किलोमीटर रेलखंड में पुराने रेल पथ को चरणबद्ध तरीके से मजबूत किया जाएगा. रेल पटरी के साथ आवश्यकतानुसार स्लीपर तथा रेल पथ के अन्य घटकों का भी नवीनीकरण किया जाएगा.
160 किलोमीटर के काम के टेंडर प्रक्रियाधीन: परियोजना के तहत राईका बाग से मारवाड़ बीठड़ी तक 160 किलोमीटर रेल लाइन के नवीनीकरण कार्य का टेंडर जारी किया जा चुका है. इससे इस महत्वपूर्ण परियोजना के धरातल पर शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है. शेष हिस्सों के कार्य भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाए जाएंगे.
रेलखंड के नवीनीकरण से परिचालन क्षमता बढ़ेगी: जैसलमेर क्षेत्र सामरिक सुरक्षा की दृष्टि से देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इसके साथ ही जैसलमेर देश-दुनिया के पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए भी एक प्रमुख केंद्र है. ऐसे में राईका बाग-जैसलमेर रेलखंड के नवीनीकरण से इस मार्ग की मजबूती, विश्वसनीयता और परिचालन क्षमता में बढ़ोतरी होगी. यह मजबूत रेल पथ भविष्य में इस मार्ग पर बढ़ने वाले यातायात के लिए भी एक महत्वपूर्ण आधार बनेगा.
इसे भी पढ़ें- जयपुर-रेवाड़ी रेलखंड पर निर्माण कार्य: शालीमार, रानीखेत व स्वर्णगरी सुपरफास्ट भी होंगी प्रभावित

