उदयपुर में हिस्ट्रीशीटर के घर छापा, लेपर्ड की खाल बरामद
लेपर्ड की खाल जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजी गई है. जांच रिपोर्ट के बाद यह तय हो सकेगा कि लेपर्ड की मौत कैसे हुई?

Published : May 5, 2026 at 3:22 PM IST
उदयपुर: पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर के घर से लेपर्ड की खाल बरामद की है. यह खाल करीब छह महीने पुरानी और पूरी तरह सूखी हुई थी. अब इसे विस्तृत जांच के लिए देहरादून स्थित लैब भेजा जाएगा, जिससे लेपर्ड की मौत के कारणों का पता चल सकेगा.
माण्डवा थाना क्षेत्र के थानाधिकारी चन्द्रपाल सिंह के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमलीघाटी क्षेत्र में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर सविया पुत्र काला के घर पर अवैध वन्यजीव सामग्री छिपाकर रखी गई है. सूचना के आधार पर 4 मई की शाम करीब 5 बजे पुलिस टीम ने घर पर दबिश दी. उस समय आरोपी मौके पर नहीं मिला.
पढ़ें: उदयपुर में लेपर्ड का हमला: खेत में सो रहे किसान को बनाया शिकार, 500 मीटर दूर मिला शव
पुलिस ने घर की तलाशी ली तो लेपर्ड की खाल बरामद हुई. इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर संयुक्त जांच की गई. अधिकारियों का मानना है कि लेपर्ड की मौत लगभग छह माह पहले हुई थी, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा लैब रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है. यह पहला मौका है जब उसके खिलाफ वन्यजीव अपराध का मामला दर्ज हुआ है.
हिस्ट्रीशीटर पर हैं एक दर्जन केस: इससे पहले आरोपी पर मारपीट, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों के करीब एक दर्जन केस दर्ज हैं. फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने टीमें गठित कर दी हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि खाल उसके पास कैसे पहुंची. कोटड़ा और माण्डवा क्षेत्र के जंगलों में लेपर्ड की अच्छी-खासी मौजूदगी है. ऐसे में यह घटना वन्यजीव संरक्षण के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है.

