राहुल गांधी जल्द आ सकते हैं बस्तर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिए संकेत, कहा- प्रदेश कांग्रेस कमेटी का निमंत्रण किया स्वीकार
भूपेश बघेल ने कहा- देशभर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम कर रहे राहुल गांधी, लेकिन यहां बस्तर की समस्याओं को लेकर होगा दौरा

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 31, 2026 at 8:23 PM IST
जगदलपुर: बस्तर की सियासत और बस्तर के जमीनी मुद्दों को लेकर जल्द ही कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी बस्तर पहुंच सकते हैं. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निमंत्रण को राहुल गांधी ने स्वीकार कर लिया है. ये बातें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जगदलपुर दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए कही.
कुछ साल पहले बस्तर आए थे राहुल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि आज जिस गणपति रिसोर्ट के जिस हॉल में संगठन सृजन के तहत ब्लॉक अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, उसी हॉल में कुछ साल पहले राहुल गांधी पहुंचे थे. उन्होंने कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रम में शिरकत की थी. हालांकि राहुल गांधी लंबे समय से छत्तीसगढ़ नहीं आए हैं. ऐसे में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से उन्हें छत्तीसगढ़ आने का निमंत्रण दिया गया था. जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है.
राहुल गांधी का यह दौरा केवल चुनावी दौरा नहीं होगा, ना ही छात्रों की गूंज होगी बल्कि बस्तर से जुड़े स्थानीय मुद्दों को लेकर होगा. राहुल गांधी ने बस्तर आने पर सहमति भी दे दी है. हालांकि दौरे की तारीख अभी तय नहीं हुई है.- भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री
देशभर में छात्रों की गूंज कार्य़क्रम कर रहे
भूपेश बघेल ने कहा कि राहुल गांधी इन दिनों देशभर में युवाओं और छात्रों की समस्याओं को लेकर छात्रों की गूंज कार्यक्रम के तहत लगातार दौरे कर रहे हैं. वे लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं. लेकिन बस्तर दौरे के दौरान मुद्दा केवल छात्रों से जुड़ा नहीं होगा. बल्कि बस्तर की स्थानीय समस्याओं और यहां के अहम सवालों पर चर्चा की जाएगी. हालांकि कब राहुल गांधी बस्तर आएंगे इसकी तारीख तय नहीं हुई है.

