ETV Bharat / state

मुश्किल में राहुल गांधी की 'छात्रों की गूंज', नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम की मंजूरी नहीं

इंदौर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति देने के लिए नगर निगम कमिश्नर से मिला कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल. सिद्धार्थ माछीवाल की रिपोर्ट.

Indore Chhatron ki Goonj
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम इंदौर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 31, 2026 at 4:40 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

इंदौर: कांग्रेस के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए राहुल गांधी का प्रस्तावित इंदौर दौरा अभी से विवादों में है. दरअसल कांग्रेस ने यहां जिस जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 12 सितंबर को राहुल गांधी का लाइव कंसर्ट करने का कार्यक्रम तय किया है उसकी अनुमति अब तक नहीं मिल पाई है.

जंतर-मंतर पर जेन-जी के आंदोलन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की भागीदारी के बाद कांग्रेस की ओर से विभिन्न राज्यों में छात्रों की गूंज कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं. कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में 12 सितंबर को इसी तरह का कार्यक्रम तय किया है. यहां कांग्रेस की ओर से लाइव कंसर्ट के लिए स्थान शहर काे बीचों-बीच मौजूद नेहरू स्टेडियम तय किया गया है.

नेहरु स्टेडियम में राहुल गांधी के कार्यक्रम की मंजूरी नहीं (ETV Bharat)

नेहरू स्टेडियम में खेल गतिविधियां संचालित होने की वजह से आपत्ति

लेकिन स्थान तय होते ही भाजपा नेताओं के अलावा खेल संगठनों ने इस आयोजन पर यह कहते हुए आपत्ति जताई थी कि नेहरू स्टेडियम में लगातार खेल गतिविधियां संचालित होती हैं. ऐसे में यहां राजनीतिक कार्यक्रम होने से खेल गतिविधियां प्रभावित होगी. लिहाजा इंदौर नगर निगम के अधीन इस स्टेडियम की अनुमति पर आपत्तियों का दौरा शुरू हो गया है.

ऐसे में अनुमति नहीं मिल पाने की आशंका में शहर कांग्रेस कमेटी ने इंदौर नगर निगम कमिश्नर को पत्र लिखकर 8 सितंबर से 12 सितंबर तक नेहरू स्टेडियम को राहुल गांधी के लाइव कंसर्ट के लिए किराए पर लेने की पेशकश की है. नगर निगम प्रशासन अब इस मामले में हाईकोर्ट द्वारा दी गई एक गाइडलाइन को आधार बनाकर नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम को अनुमति देने अथवा नहीं देने पर विचार कर रहा है.

नगर निगम कमिश्नर से मिला कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल

इस बीच आज सोमवार को कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने फिर नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंहल से मिलकर समय रहते नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम की अनुमति की मांग की. इस मामले में शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा "छात्रों की गूंज कार्यक्रम राजनीतिक आयोजन नहीं है, इसलिए नेहरू स्टेडियम में राहुल गांधी के लाइव कंसर्ट को अनुमति नहीं मिलने का कोई प्रश्न नहीं उठता. लेकिन फिर भी छात्र और युवा विरोधी सत्ताधारी दल अनुमति देने से इनकार करता है तो लाइव कंसर्ट के लिए किसी वैकल्पिक स्थान पर विचार किया जाएगा."

हाईकोर्ट के दिशानिर्देशों का अध्ययन करने के बाद लिया जाएगा फैसला

उन्होंने कहा "आज शाम को इस मामले में निगम प्रशासन वस्तुस्थिति स्पष्ट करेगा. यदि अनुमति नहीं मिलती है तो यही माना जाएगा कि सत्ताधारी दल के दबाव में प्रशासन के अधिकारी भी राहुल गांधी के आंदोलन और अभियान से डरे हुए हैं, जिसके चलते किराए पर भी नेहरू स्टेडियम देने में नगर निगम को आपत्ति है." इधर इस मामले में नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंहल का कहना है "नेहरू स्टेडियम में किसी भी तरह के कार्यक्रम को लेकर पूर्व में हाईकोर्ट ने जो दिशानिर्देश दिए हैं उसको अध्ययन करने के बाद इस मामले में फैसला लिया जा सकेगा."

राहुल गांधी के लाइव कंसर्ट के लिए वैकल्पिक स्थान पर फोकस

राहुल गांधी के लाइव कंसर्ट के लिए नेहरू स्टेडियम नहीं मिल पाने की स्थिति में कांग्रेस शहर के खालसा स्टेडियम अथवा खंडवा रोड या सुपर कॉरिडोर स्थित स्टेडियम अथवा मैदान देख रही है. जिससे कि समय रहते कार्यक्रम की सभी रूपरेखा को तय किया जा सके. इधर इंदौर नगर निगम प्रशासन और निगम परिषद फिलहाल नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम की सहमति के अलावा नेहरू स्टेडियम को किराए पर देने के मूड में नहीं है. इसके लिए हाई कोर्ट की गाइडलाइन को आधार बनाया जा रहा है. अब देखना दिलचस्प होगा कि नगर निगम की असहमति के बाद कांग्रेस राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए स्टेडियम के स्थान पर अन्य कौन सा विकल्प तलाशती है.