रायबरेली जिला अस्पताल में नर्स की वर्दी पहनकर रौब झाड़ती थी सफाई कर्मी पिंकी, युवक को लात मारने पर सस्पेंड
रायबरेली जिला अस्पताल का वीडियो सामने आआ है. इसमें संविदा सफाई कर्मी पिंकी एक मानसिक रूप से कमजोर युवक को लात मारती दिख रही है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 30, 2026 at 3:49 PM IST
रायबरेली: रायबरेली में मानसिक विक्षिप्त को मंदिर में पीटे जाने के बाद अब ऐसा ही मामला जिला अस्पताल में सामने आया है. यहां जिला पुरुष अस्पताल में तैनात आया पिंकी ने मानवीय संवेदनाओं को दरकिनार करते हुए मानसिक विक्षिप्त को लातों से मारा है. इतना ही नहीं, आया लात चलाने के दौरान गालियां भी दे रही है. आया पिंकी की इस हरकत को किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया.
सफाई कर्मी महिला का बेरहम रवैया: रायबरेली के राणा बेनी माधव बक्श सिंह जिला अस्पताल में यह महिला सफाई कर्मी है. इस वीडियो में वह मानसिक रूप से कमजोर युवक को लात मारते हुए गालियां दे रही है और कर्मचारियों से बाहर ले जाने के लिए कह रही है. सफाई कर्मचारी की दबंगई का स्टाफ ने वीडियो भी बनाया है. इस दौरान उसे रोकने की किसी ने भी हिम्मत नहीं की.
नर्स की ड्रेस पहनती थी आया: महिला का नाम पिंकी है. जिला अस्पताल में वह 3 साल से संविदा पर सफाई कर्मचारी के तौर पर तैनात है. जिला अस्पताल की आवासीय कॉलोनी में ही रहती है. स्टाफ के लोगों ने बताया कि सोमवार को महिला सफाईकर्मी की ड्यूटी सुबह की शिफ्ट की थी.
फर्श पर बैठे युवक को मारी लात: इसके बाद वह शाम को भी अस्पताल आई थी. अस्पताल में एक मानसिक रूप से कमजोर युवक घूमता रहता है. सोमवार की शाम को वह युवक अस्पताल में अंदर आया और फर्श पर बैठ गया था. तभी महिला सफाई कर्मी वहां आ जाती है.
मूकदर्शक बना रहा पूरा स्टाफ: 40 सेकंड के इस वीडियो में महिला जमीन पर बैठे असहाय युवक को बाहर जाने के लिए कहती है. जब युवक नहीं उठता तो उसे लात मार के धकेलने लगती है. गालियां भी देती है. इस दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद लोग मूकदर्शक बने देखते रहते हैं.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लिया संज्ञान: स्टाफ के लोगों ने यह भी जानकारी दी कि महिला सफाई कर्मी होने के बावजूद नर्स की ड्रेस पहनती है. उसे कई बार इसके लिए रोका-टोका गया लेकिन उस पर इसका कोई असर नहीं पड़ता. इस मामले में जिला अस्पताल के सीएमएस पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि महिला सफाई कर्मी के गलत व्यवहार को देखते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. वहीं इस मामले पर डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने भी संज्ञान लिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि रायबरेली जिला चिकित्सालय के वीडियो में अभद्रता करने वाली महिला कर्मी को निलंबित कर दिया गया है. उन्होंने यह भी लिखा कि मरीज से अभद्रता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी.
यह भी पढ़ें- रायबरेली में कैबिनेट मंत्री पर JCB से पुष्प वर्षा कर स्वागत; बोले- "सपा की घबराहट है, दुष्प्रचार कर रहे हैं"

