'यही राम राज्य है..' बच्चियों से दुष्कर्म मामले पर राबड़ी देवी ने सरकार से मांगा जवाब
दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं पर राबड़ी देवी ने सरकार को घेरा और कहा कि यही राम राज्य है? इसपर सरकार को जवाब देना चाहिए. पढ़ें

Published : February 20, 2026 at 1:01 PM IST
पटना: बिहार विधानमंडल का बजट सत्र चल रहा है. शुक्रवार को फिर विधान परिषद के बाहर विपक्षी सदस्यों ने राज्य में बढ़ रहे अपराध को लेकर जमकर प्रदर्शन किया. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के नेतृत्व में विपक्षी सदस्यों ने सरकार पर कई तरह के आरोप लगाए और साफ-साफ कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर होती चली जा रही है. राबड़ी देवी ने बच्चियों के साथ हो रहे दुष्कर्म के मामलों को लेकर सरकार को घेरा.
राबड़ी देवी का सरकार पर बड़ा हमला: बिहार विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि सरकार और अधिकारी भ्रष्ट हैं. छोटी-छोटी बच्चियों और महिलाओं के साथ हर जिले में लगातार दुष्कर्म हो रहा है. इसपर तो सरकार को लगाम लगाना चाहिए. साथ ही इस मुद्दे पर सरकार को जवाब भी देना चाहिए.
"कोई जवाब देने के लिए तैयार नहीं है. जवाब भी गोलमटोल देकर निकल जाते हैं. रोज दिन ऐसे मामले हो रहे हैं,दुनिया और बिहार देख रहा है. यही राम राज्य है? राम राज्य में रोज हत्या हो रही है. छोटी-छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म हो रहा है, मार दिया जा रहा है. ये सब राम राज्य में हो रहा है?"- राबड़ी देवी, नेता विपक्ष, बिहार विधान परिषद
शराबबंदी की समीक्षा पर क्या बोलीं राबड़ी देवी?: राबड़ी देवी ने आगे कहा कि राम राज्य में यही सब होता है क्या? आए दिन हत्या, अपहरण और दुष्कर्म हो रहा है. किसी से छुपा हुआ है? वहीं उन्होंने शराबबंदी पर समीक्षा को लेकर भी बड़ा बयान दिया और कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को देखना चाहिए कि बिहार में क्या हो रहा है. बिहार में लगातार शराब की बिक्री हो रही है और जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत भी हो रही है.

"भारत सरकार जाने और राज्य सरकार जाने. कहा जाता है कि शराबबंदी है. कहां है शराबबंदी, हर रोज तो पकड़ा रहा है. जहरीली शराब से मौतें भी बहुत हुई हैं."-राबड़ी देवी, नेता विपक्ष, बिहार विधान परिषद
सम्राट चौधरी देंगे जवाब: बिहार विधानसभा में दूसरे हाफ में गृह विभाग के बजट पर चर्चा भी होगी और उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी सरकार की तरफ से जवाब भी देंगे, लेकिन उससे पहले राजद और वामपंथी दलों के विधायकों ने सरकार को घेरने की कोशिश है. विपक्षी सदस्य पहले दिन से ही कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहे हैं.

कई दिनों बाद पहुंचे तेजस्वी यादव: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कई दिनों के बाद शुक्रवार (20 फरवरी) को विधानसभा पहुंचे हैं. दूसरे हाफ़ में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर संभव है कि विपक्ष की तरफ से मजबूती से अपनी बात रखें और जिस प्रकार से लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, सरकार को घेरने की कोशिश करें.
ये भी पढ़ें
शराबबंदी पर समीक्षा को लेकर बिहार के मंत्री का बड़ा बयान, विधायकों के ब्लड टेस्ट की मांग पर पलटवार
'तेजस्वी यादव को माफी मांगनी होगी', रामविलास पासवान के लिए 'बेचारा' शब्द पर बिफरी LJPR
चॉकलेट देने के बहाने बच्ची के साथ की घिनौनी हरकत, लहूलुहान हालत में मिली बच्ची
NEET छात्रा मौत मामला : मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान, पटना SSP को नोटिस

