क्या राबड़ी देवी खाली कर रहीं 10 सर्कुलर रोड वाला सरकारी आवास?
क्या राबड़ी देवी आवास 10 सर्कुलर रोड का बंगला खाली किया जा रहा है?, अब लालू परिवार का नया पता क्या होगा?. जानिए

Published : December 26, 2025 at 10:00 AM IST
पटना : क्या 10 सर्कुलर रोड यानी राबड़ी आवास खाली करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है?. यह सवाल इसलिए क्योंकि, आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव दिल्ली में आंखों का इलाज करा रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड में गुरुवार रात से सामान को छोटे वाहनों में लादकर शिफ्ट किए जाने की खबरें है. बिहार में नई सरकार के गठन के बाद राबड़ी देवी को एक महीने के अंदर आवास खाली करने का नोटिस भेजा गया था और नया आवास भी आवंटित किया गया था.
खाली किया जा रहा पटना का 10 सर्कुलर रोड : 25 दिसंबर यानी गुरुवार रात से 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी के आवास के बाहर कई गाड़ियों की मदद से सामान को शिफ्ट करने का काम शुरू हुआ. छोटी-छोटी गाड़ियां राबड़ी आवास पहुंची. इन गाड़ियों में घर का सामान और पेड़-पौधा देखा गया. आरजेडी सूत्र की माने तो धीरे-धीरे सभी सामान को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया जाएगा.
लालू परिवार का नया पता 39 हार्डिंग रोड? : रात के अंधेरे में हुई इस शिफ्टिंग की तस्वीरें सामने आई तो चर्चा शुरू हो गई कि यह सामान जा कहा रहा है, क्या 39 हार्डिंग रोड, जो राबड़ी देवी को आवंटित हुआ है, या फिर कही और. पार्टी की तरफ से भी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई.
सरकारी बंगले पर कब्ज़ा छोड़िए- जेडीयू : वहीं राबड़ी आवास के खाली करने की चर्चा के बीच जेडीयू ने पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है. जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि, ''सरकारी बंगला खाली करना कोई राजनीति नहीं, कानून है. राबड़ी जी, आपको संपत्तियों की कमी नहीं, कौटिल्य नगर या महुआ बाग में रहिए, लेकिन सरकारी बंगले पर कब्ज़ा छोड़िए.''
सरकारी बंगला खाली करना कोई राजनीति नहीं, कानून है।@RabriDeviRJDजी आपके नाम 39 No. सेंट्रल पूल मकान आवंटित है, फिर भी 10 No. खाली न करना सरकारी संसाधनों का खुला दुरुपयोग है।
— Neeraj kumar (@neerajkumarmlc) December 26, 2025
राबड़ी जीआपको संपत्तियों की कमी नहीं—कौटिल्य नगर या महुआ बाग में रहिए,लेकिन सरकारी बंगले पर कब्ज़ा छोड़िए। pic.twitter.com/6BgeoSpXOk
25 नवंबर को मिला था भवन निर्माण विभाग का नोटिस : इससे पहले बिहार में नई सरकार गठन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को बिहार भवन निर्माण विभाग ने 25 नवंबर को 10 सर्कुलर रोड खाली करने का नोटिस भेजा था.
क्या था बिहार भवन निर्माण विभाग का आदेश ? : बिहार भवन निर्माण विभाग आदेश में कहा गया कि ''बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी होने के नाते पटना के हार्डिंग रोड स्थित आवास संख्या 39 आवंटित किया गया है.''

'नहीं छोड़ेंगी 10 सर्कुलर रोड का आवास' : बिहार भवन निर्माण विभाग के नोटिस के बाद आरजेडी आगबबूला हो गई थी. आरजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने कहा था कि, ''सरकार को जो करना है, कर लें, लेकिन 10 सर्कुलर रोड वाला आवास खाली नहीं होगा. यह सब लालू परिवार को अपमानित करने के लिए किया जा रहा है.''

10 सर्कुलर रोड, लालू परिवार का दशकों पुराना ठिकाना : लालू परिवार 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पर साल 2006 में शिफ्ट हुआ था. तब से लेकर आज तक इस बंगले की पहचान लालू परिवार के रूप में होती हैं. लालू परिवार में अब तक के सभी बड़े आयोजन इसी बंगले पर होता आया है.

महुआबाग वाले बंगले में होगी शिफ्टिंग?: दस सर्कुलर रोड काफी बड़ा बंगला है लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव ने मिलकर इसे आवास के साथ आवासीय कार्यालय भी बनाया था, जहां हर सुख सुविधा की व्यवस्था की गई थी. फिलहाल, लालू यादव पटना के महुआ बाग में एक बड़ी बिल्डिंग बना रहे हैं. जो काफी आलीशान है. शायद पूरा परिवार खरमास के बाद वहां शिफ्ट कर जाएगा.
ये भी पढ़ें :
नीतीश के किस मंत्री को मिला राबड़ी आवास? तेज प्रताप का बंगला भी अलॉट, जानें मंत्रियों का नया पता
बिहार के विधायकों का हाईटेक बंगला तैयार, जानें नया पता और डुप्लेक्स की खासियत

