अजगर निकलने से मचा हड़कंप, धमतरी के बागतराई रावा गांव में सांप का रेस्क्यू ऑपरेशन
अजगर जहरीला सांप नहीं होता है. यह अपने शिकार को जकड़ लेता है और उसका दम घोंट देता है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 10, 2026 at 8:52 AM IST
धमतरी: जिले में लगातार खतरनाक सांपों के निकलने से लोगों में दहशत का माहौल है. एक बार फिर बागतराई रावा गांव में बड़ा अजगर निकला. गांव वालों की सूचना पर सर्पमित्र ने उसे समय रहते रेस्कूय कर लिया. धमतरी में पिछले 2 महीने में 10 से ज्यादा बड़े अजगरों को सर्पमित्र रेस्क्यू कर चुके हैं. स्थानीय लोग बताते हैं कि जिले के आस पास की सीमा जंगल से लगी है. इसकी वजह से जंगली जानवरों और जीवों का आना जाना लगातार रहता है. अक्सर तेंदुए और खतरनाक सांप भोजन की तलाश में रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं.
बागतराई रावा गांव से पकड़े गए अजगर को सर्पमित्र ने सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया है. गांव वाले कहते हैं कि अक्सर इलाके में जंगली जानवर और सांप घूमते मिल जाते हैं.
गांव में निकल अजगर
गांव के ग्रामीण ने बताया कि सोमवार की शाम बागतराई रावा गांव में खेत किनारे विशालकाय अजगर सांप लेटा हुआ था. खेत से लौट रहे किसान की जैसे ही उसपर नजर पड़ी उसने बाकि ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी. अजगर को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. गनीमत रही कि अजगर को किसी तरह का नुकसान किसी ने नहीं पहुंचाया. मौके पर बुलाए गए सर्प मित्र ने तत्काल अजगर को पकड़ा और उसे बोरे में बंद कर दिया. सर्प मित्र ने अजगर को सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया.

बागतराई रावा गांव से फोन के माध्यम से अजगर के मिलने की सूचना दी गई थी. मौके पर जाकर अजगर को रेस्क्यू किया गया. यह अजगर खेत के किनारे एक गड्ढे में कुंडली मारकर बैठा हुआ था. इसकी लम्बाई 10 फिट से ज्यादा है. इसका वजन करीब 15 किलोमीटर है: सूर्यकांत साहू, सर्प मित्र

सर्प मित्र ने किया अजगर को रेस्क्यू
सर्पमित्र सूर्यकांत साहू ने बताया कि इससे पहले आमदी में भी एक बड़े अजगर को उसने रेस्क्यू किया था, उस वक्त जेसीबी की मदद ली गई थी. सर्प मित्र ने बताया कि अजगर शांत, एकाकी और निशाचर (रात में सक्रिय) स्वभाव के होते हैं. वे जहरीले नहीं होते, बल्कि घात लगाकर शिकार करते हैं और दम घोंटकर शिकार को मारते हैं. डरने पर या खतरा महसूस होने पर ही वे हमला करते हैं. सूर्यकांत साहू ने लोगों से अपील करते है कि जंगली जीव जंतुओं को मारे नहीं. बल्कि वन विभाग या फिर जानकारों को सूचना देकर उन्हें रेस्क्यू करने को कहें. पर्यावरण में जीने के लिए वे भी हिस्सेदार हैं, उन्हें मारना नहीं चाहिए.

अजगर की खासियत
अजगर दुनिया के सबसे बड़े, भारी और जहर रहित सांपों में से एक है, जो मुख्य रूप से एशिया, अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में पाए जाते हैं. ये अपनी ताकत के लिए जाने जाते हैं, शिकार को जकड़कर मारते हैं और लगभग 20-25 फीट तक लंबे हो सकते हैं. ये मांसाहारी हैं, अंडे देते हैं और इनकी कुछ प्रजातियों में गर्मी महसूस करने की क्षमता होती है.

