ETV Bharat / state

हरिद्वार में PWD की टीम पर हमला, सरकारी अभिलेख छीने, अतिक्रमण चिन्हित करने गई थी टीम

टीम ने इंदिरा बस्ती के कुछ लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, धक्का मुक्की और मारपीट करने तथा सरकारी दस्तावेज छीनने का आरोप लगाया

PWD TEAM BEATEN UP IN HARIDWAR
PWD की टीम पर हमला (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 25, 2026 at 11:44 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हरिद्वार: कुंभ मेले की तैयारियों के बीच हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर अतिक्रमण चिन्हीकरण और प्रस्तावित मार्ग के कार्य के लिए पहुंची पीडब्ल्यूडी की टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. विभागीय टीम ने इंदिरा बस्ती के कुछ लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, कर्मचारियों के साथ धक्का मुक्की और मारपीट करने तथा सरकारी दस्तावेज छीनने का आरोप लगाया है.

कनखल में पीडब्ल्यूडी कर्मियों पर हमला: मामले में पीडब्ल्यूडी के अपर सहायक अभियंता चंद्र लाल भारती ने कनखल कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है. उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि-

PWD की टीम पर हमला (viral video)

कुंभ मेले की तैयारियों के मद्देनजर विभाग के उच्च अधिकारियों की ओर से कनखल क्षेत्र में विश्व कल्याण आश्रम और मातृ सदन आश्रम से ज्वालापुर की ओर प्रस्तावित मार्ग का चिन्हीकरण किया जा रहा था. इसी क्रम में विभागीय टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-58 से जुड़े क्षेत्र में अतिक्रमण चिन्हित करने के लिए इंदिरा बस्ती पहुंची थी. मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने टीम के काम का विरोध शुरू कर दिया.
-चंद्र लाल भारती, अपर सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी-

अतिक्रमण चिन्हित करने पहुंची थी पीडब्ल्यूडी की टीम: अपर सहायक अभियंता ने आरोप लगाया कि राकेश पुत्र ओमपाल, संजीव, राजीव, इंद्रावती और उनके अन्य रिश्तेदारों ने विभागीय कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए धक्का मुक्की और मारपीट की. आरोप लगाया गया है कि विरोध करने वाले लोगों ने टीम पर पत्थरों और ईंटों से हमला भी किया. इससे मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई और विभागीय कर्मचारियों को अपना काम रोकना पड़ा. मारपीट में चंद्र लाल भारती, अमीन मेनपाल सिंह, सपना रतूड़ी, एवं ड्राइवर वीरेंद्र घायल हो गए.

मारपीट का वीडियो हुआ वायरल: इतना ही नहीं हमले और विवाद के दौरान सरकारी अभिलेख, डायरी तथा भूमि से संबंधित आवश्यक दस्तावेज छीन लिए गए. इस दौरान उनका मोबाइल भी छीनने का प्रयास किया गया. अपर सहायक अभियंता ने नामजद आरोपियों के साथ अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. वहीं मामले से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग टीम के साथ अभद्रता, गाली गलौच और मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है घटना के वक्त पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों ने ही यह वीडियो बनाया है.

क्या कहना है अधिकारियों का: पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि-

विभागीय टीम अतिक्रमण की मार्किंग के लिए गई थी. कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी. मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
-योगेश कुमार, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी-

पुलिस कर रही है आरोपियों की पहचान: वहीं कनखल कोतवाली में तैनात एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि-

मामले की जांच की जा रही है. वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है. नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
-अनुज सिंह, एसएसआई, कनखल कोतवाली-

ये भी पढ़ें: हरिद्वार में छापा मारने गई ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम पर हमला, बिजली चोरी रोकने के दौरान हुई घटना