ETV Bharat / state

रोहड़ू-खदराला मार्ग होगा नेशनल हाईवे घोषित! PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने की बड़ी घोषणा

पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि खदराला के ऐतिहासिक महत्व को पुनः स्थापित करने के लिए होंगे प्रयास.

Vikramaditya Singh on Khadrala road
खदराला पहुंचे पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : June 30, 2026 at 5:15 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

ठियोग: शिमला जिले का रोहड़ू-खदराला मार्ग ऐतिहासिक महत्व का मार्ग है, जिसे भविष्य में राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करवाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे. इस विषय को केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा. ये बात लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को खदराला में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में कही. इस समारोह में विक्रमादित्य सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे.

"साल 1962 से पहले ये मार्ग नेशनल हाईवे था, जिसे बाद में स्टेट हाईवे का दर्जा दिया गया. बाघी क्षेत्र के लोगों द्वारा भी रोहड़ू-खदराला मार्ग मार्ग को दोबारा नेशनल हाईवे घोषित करने की मांग उठाई गई है. पर्यटन एवं क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से इस मार्ग का विशेष महत्व है, इसलिए इस विषय को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा." - विक्रमादित्य सिंह, पीडब्ल्यूडी मंत्री

Vikramaditya Singh on Khadrala road
रोहड़ू-खदराला मार्ग को लेकर पीडब्ल्यूडी मंत्री की बड़ी घोषणा (ETV Bharat)

सुंगरी मार्ग के लिए 1.50 करोड़ जारी

मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जल्द ही क्षेत्र की सभी पंचायतों का व्यापक दौरा किया जाएगा और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विकास कार्यों को और ज्यादा गति प्रदान की जाएगी. उन्होंने बताया कि सुंगरी मार्ग के सुधार एवं मेटलिंग कार्य के लिए 1.50 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है और कार्य प्रगति पर है. इसके अलावा क्षेत्र के अन्य संपर्क मार्गों पर भी विकास कार्य किए जा रहे हैं.

क्षेत्र में सड़क सुविधा को बनाया जाएगा बेहतर

पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा कि खदराला के ऐतिहासिक महत्व को पुनः स्थापित करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि चाहे सेब एवं आलू उत्पादन की बात हो या पर्यटन विकास, हर क्षेत्र में खदराला की पहचान को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे. मंत्री ने कहा कि खदराला क्षेत्र की बेहतर सड़क संपर्क सुविधा सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.

Vikramaditya Singh on Khadrala road
खदराला में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन समारोह (ETV Bharat)

युवाओं से PWD मंत्री का आह्वान

पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह ने इस क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उनकी कोशिशों से क्षेत्र में स्कूल, अस्पताल समेत अनेक आधारभूत सुविधाएं विकसित हुई हैं. उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी विकास संबंधी कमियां शेष हैं, उन्हें भी चरणबद्ध ढंग से दूर किया जाएगा. विक्रमादित्य सिंह ने वॉलीबॉल प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया.

"युवा देश एवं प्रदेश का भविष्य हैं और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए युवाओं का स्वस्थ एवं जागरूक होना जरूरी है. ऐसे में युवाओं से अपील है कि वे नशे, विशेषकर चिट्टा जैसी घातक प्रवृत्तियों से दूर रहें." - विक्रमादित्य सिंह, पीडब्ल्यूडी मंत्री

ये भी पढ़ें: डिलीवरी के बाद महिला की मौत पर भड़का गुस्सा, पहले की FIR और दुर्व्यवहार के मामलों ने बढ़ाई डॉक्टर की मुश्किलें