ETV Bharat / state

पुष्कर में तीर्थ पुरोहितों की प्रशासन से दो टूक, बोले- होली पर्व पर अश्लीलता, डांस पार्टी नहीं करेंगे बर्दाश्त

श्री तीर्थ गुरु पुष्कर पुरोहित संघ ट्रस्ट ने अश्लील पार्टियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है.

Pushkar Purohit Sangh
ज्ञापन सौंपते पुरोहित (ETV Bharat Ajmer)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 27, 2026 at 7:26 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अजमेर: जगतपिता ब्रह्मा की नगरी पुष्कर में श्री तीर्थ गुरु पुष्कर पुरोहित संघ ट्रस्ट ने होली के नाम पर होने वाली अश्लील और ड्रग्स रेव पार्टियों के आयोजनों पर पाबंदी लगाने की मांग की है. तीर्थ पुरोहितों का आरोप है कि होली के पवित्र पर्व के नाम पर पुष्कर क्षेत्र में अश्लील और नशे की रेव पार्टियों का चलन बढ़ गया है. इससे पुष्कर तीर्थ की मर्यादा का हनन हो रहा है. पुष्कर आने वाले श्रद्धालुओं की भावनाएं भी आहत हो रही हैं. इस संबंध में तीर्थ पुरोहितों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम मांग पत्र एसडीएम को सौंपा.

ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित पुष्कर नारायण पाराशर ने बताया कि पुष्कर के सभी तीर्थ पुरोहितों की मांग है कि होली पर पुष्कर में किसी भी होटल, निजी या सार्वजनिक स्थानों पर डांस पार्टियां नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि हाल ही में बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी कहा था कि पुष्कर तीर्थ की मर्यादा को बचाओ और धर्म की जड़ सदा हरी रहे.

तीर्थ पुरोहितों ने एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन दिया (ETV Bharat Ajmer)

पढ़ें: पुष्कर में धीरेंद्र शास्त्री की कथा का पहला दिन, हिंदुओं को चार बच्चे पैदा करने की सलाह

पंडित पाराशर ने कहा कि पुष्कर में होली का पर्व हमेशा से मनाया जाता रहा है, लेकिन इस बार डांस पार्टियां नहीं होंगी. उन्होंने कहा कि तीर्थ की मर्यादा का पालन सभी तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय निवासियों और तीर्थ यात्रियों को करना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन डांस पार्टियों की अनुमति देता है तो तीर्थ पुरोहित उसका विरोध करेंगे. पुष्कर के परिधि क्षेत्र में शराब की दुकान भी हटनी चाहिए. पंडित पाराशर ने यह भी कहा कि यदि प्रशासन डीजे पार्टी की अनुमति देता है तो तीर्थ पुरोहित मौके पर जाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे.

तीर्थ पुरोहित वैद्यनाथ पाराशर ने कहा कि पुष्कर में कुछ वर्षों से सनातन को बदनाम करने और पुष्कर की आध्यात्मिक छवि को धूमिल करने की साजिश की जा रही है. होली पारंपरिक त्योहार है. इसे उसी रूप में मनाया जाना चाहिए, लेकिन पुष्कर में ट्रांस और डांस पार्टियां होली पर होती आ रही हैं. इसमें अश्लीलता और फूहड़ता के साथ-साथ ड्रग्स का उपयोग होता है. इसमें युवा और किशोर ही नशे की लत के शिकार हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि किसी प्रकार के डीजे, फूहड़ता और अश्लीलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.