न्यूगल नदी में अचानक बढ़ा जलस्तर, पंजाब से आए 7 पर्यटक फंसे, अग्निशमन विभाग ने किया रेस्क्यू
कांगड़ा एएसपी बीर बहादुर ने बारिश के मौसम में पर्यटकों और लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : July 4, 2026 at 9:17 PM IST
कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के पालमपुर के नजदीक ओम प्रोजेक्ट के पास स्थित एक निजी कैफे में घूमने आए पंजाब के 7 पर्यटक अचानक न्यूगल नदी का जलस्तर बढ़ जाने से बीच रास्ते में फंस गए. सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी पर्यटकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया, "पंजाब से तीन पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे निजी कैफे में घूमने पहुंचे थे. शाम के समय जब वे वापस पालमपुर की ओर लौट रहे थे, तभी लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण नदी पर बनी अस्थायी पुलिया पानी के तेज बहाव में क्षतिग्रस्त हो गई. पुलिया टूट जाने से सभी पर्यटक दूसरी ओर फंस गए और आगे निकलना उनके लिए संभव नहीं रहा".
ASP ने कहा घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही विभाग की टीम बिना समय गंवाए आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची. टीम ने हालात का आकलन कर सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी सात पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. रेस्क्यू के बाद सभी पर्यटक सुरक्षित पाए गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी-नालों के किनारे जाने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में उन्हें पार करने का प्रयास न करें. मौसम खराब होने पर प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके.
ये भी पढ़ें: आपदा के 1 साल बाद भी नहीं सुधरे हालात, अब फिर 200 परिवारों पर मंडरा रहा लैंडस्लाइड का खतरा

