कांगड़ा वैली कार्निवल में पंजाबी स्टार नाइट की धूम, बब्बू मान के गानों पर झूमे लोग
कांगड़ा वैली कार्निवल की छठी सांस्कृतिक संध्या पर पंजाबी स्टार नाइट में दर्शक जमकर झूमे.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 30, 2025 at 2:40 PM IST
|Updated : December 30, 2025 at 2:54 PM IST
धर्मशाला: कांगड़ा वैली कार्निवल 2025 की छठी सांस्कृतिक संध्या में भव्य पंजाबी स्टार नाइट आयोजित की गई. जिसमें प्रसिद्ध पंजाबी गायक बब्बू मान ने अपनी दमदार और भावनात्मक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया. जैसे ही मंच पर बब्बू मान की एंट्री हुई, दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट और नारों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. बब्बू मान के गीतों पर दर्शक जमकर झूमे. कांगड़ा वैली कार्निवल के दौरान दिन में स्वयं सहायता समूहों द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया. जिनमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया.
कार्निवल में गूंजे ये पंजाबी गाने
पंजाबी स्टार नाइट में बब्बु मान ने अपने लोकप्रिय गीत 'मित्रां दी छतरी', 'सारी रात तेरी याद मैनू औंदी रही', 'चन चांदनी रात मेहरमा टिमटिमोदे तारे', 'शौकीन जट्ट', 'दिल तां पागल है', 'शौकीन कुड़ी' और 'चन्ना वे घर आ जा' जैसे सदाबहार गानों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया. युवा वर्ग ही नहीं, बल्कि हर उम्र के संगीत प्रेमी देर रात तक उनके सुरों में डूबे नजर आए. पूरा परिसर रंगीन रोशनी, तालियों और जोशीले नारों से गूंजता रहा. सांस्कृतिक संध्या में सूची, रोहित वोहरा और वर्षा कटोच की प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने खूब सराहा. वहीं, स्थानीय कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की गरिमा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाया.
मुख्य अतिथि ने बब्बू मान को किया सम्मानित
इस भव्य सांस्कृतिक संध्या में एचपीटीडीसी के अध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उन्होंने मंच से बब्बू मान को सम्मानित करते हुए कहा कि प्रदेश और कांगड़ा जिले के लिए आज का दिन विशेष है. ऐसे आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा को भी मजबूती देते हैं.
"कांगड़ा वैली कार्निवल जैसे आयोजन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक-कला और प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त मंच हैं. संगीत और संस्कृति से लोगों को जोड़ने का काम करते हैं. साथ ही युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं." - आरएस बाली, अध्यक्ष (कैबिनेट रैंक), एचपीटीडीसी

