ETV Bharat / state

नालागढ़ पुलिस स्टेशन ब्लास्ट केस में बड़ी सफलता, विदेश से रची गई थी साजिश, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जांच एजेंसियों के अनुसार, विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर यह IED ब्लास्ट हुआ था.

NALAGARH POLICE STATION BLAST
नालागढ़ पुलिस स्टेशन ब्लास्ट केस में बड़ी सफलता (ETV BHARAT)
author img

By ANI

Published : February 22, 2026 at 8:21 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जालंधर (पंजाब): पंजाब पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नालागढ़ पुलिस स्टेशन IED (RDX) ब्लास्ट केस से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने काउंटर इंटेलिजेंस एसएएस नगर के साथ संयुक्त अभियान चलाकर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बता दें कि यह धमाका 1 जनवरी 2026 को हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ पुलिस स्टेशन में हुआ था.

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महावीर उर्फ काका और मनप्रीत उर्फ मनी के रूप में हुई है. दोनों पंजाब के एसबीएस नगर के रहने वाले हैं. तलाशी के दौरान उनके पास से एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे मास्टरमाइंड के निर्देश पर काम कर रहे थे.

विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर हुई साजिश

जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी विदेशी हैंडलर गोपी नवाशहरिया और जस्सी कुलाम के संपर्क में थे. ये दोनों प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े बताए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपियों और उनके साथियों ने विदेशी निर्देश पर IED (RDX) और हैंड ग्रेनेड की खेप हासिल की थी. इसी खेप में से एक IED का इस्तेमाल नालागढ़ पुलिस स्टेशन में धमाका करने के लिए किया गया.

पहले ही पकड़े जा चुके थे छह सहयोगी

इस मामले में पंजाब पुलिस पहले ही छह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो आतंकी सामग्री को उठाने और आगे पहुंचाने में शामिल थे. अब महावीर और मनप्रीत की गिरफ्तारी के बाद पूरे मॉड्यूल को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे नेटवर्क को खत्म करना प्राथमिकता है. पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आतंकवाद और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. संबंधित मामलों में FIR दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है, ताकि नेटवर्क की पूरी कड़ियां सामने लाई जा सकें.

ये भी पढ़ें: नशे के नेटवर्क पर हिमाचल पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, 96 तस्करों को भेजा जेल, अब नहीं मिलेगी बेल!