पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में वकीलों की हड़ताल, जिला अदालत में भी काम नहीं करने का फैसला, SHO के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े
चंडीगढ़ में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के वकीलों की आज हड़ताल रहेगी. कोर्ट में कामकाज ठप रहेगा. रिपोर्ट में जानें पूरा मामला.


Published : December 18, 2025 at 11:29 AM IST
|Updated : December 18, 2025 at 11:35 AM IST
चंडीगढ़: पंजाब के जिला मोहाली स्थित नयागांव में कुछ अज्ञात व्यक्तियों और हरियाणा के जिला हिसार की CIA टीम द्वारा एक वकील से दुर्व्यवहार करने के विरोध में आज, गुरुवार को वकील पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट और चंडीगढ़ जिला अदालत में कामकाज ठप रखेंगे. भले ही वकीलों के विरोध के बाद मामले में FIR दर्ज की गई है, लेकिन वकीलों ने कामकाज नहीं करने का फैसला लिया है. हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के आह्वान पर जिला अदालत में भी काम नहीं करने का फैसला लिया गया है.
थाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी: इस मामले में गत बुधवार को पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट में जानकारी दी थी कि मामले में अज्ञात व्यक्तियों और हिसार की सीआईए-1 के कुछ अधिकारियों पर केस दर्ज कर लिया गया है. लेकिन FIR तय समय पर दर्ज नहीं करने को लेकर बीती 16 दिसंबर को ही नयागांव थाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. इसके तहत सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप समय पर केस दर्ज नहीं करने को लेकर जवाब मांगा गया है.
SHO पर आरोप: बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि "एसएचओ ने बार एसोसिएशन के कई सदस्यों के खिलाफ प्रतिशोधात्मक कार्रवाई की है. हाईकोर्ट ने इस पर संज्ञान लेते हुए बार एसोसिएशन को इस संबंध में प्रासंगिक दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही मामले की आगामी सुनवाई 24 दिसंबर के लिए तय की है".
आज होगी बैठक: मामले में बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी समिति ने औपचारिक रूप से FIR में संबंधित पुलिस अधिकारियों के नाम स्पष्ट रूप से जोड़े जाने की मांग की है. साथ ही उपयुक्त दंडात्मक धाराएं शामिल करने और संबंधित एसएचओ का तबादला या निलंबन करने की मांग की गई है. बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी नहीं होने तक वकीलों का कामकाज नहीं करने का फैसला जारी रहेगा. हालांकि आज 18 दिसंबर को हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के जनरल हाउस की बैठक बुलाई गई है. जिसमें आगामी रणनीति पर चर्चा का फैसला लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: गीतांजलि गर्ग की मौत बनी पहेली, 12 साल बाद CJM पति और सास-ससुर सीबीआई कोर्ट से बरी
ये भी पढ़ें: हरियाणा में विधानसभा का शीतकालीन सत्र, विपक्ष लाएगा अविश्वास प्रस्ताव, CM बोले- फ्रस्ट्रेशन में कांग्रेस

