ETV Bharat / state

उदयपुर पहुंचे राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, देवास-III और देवास-IV प्रोजेक्ट का काम देखा

दोनों परियोजनाएं उदयपुर की पेयजल व्यवस्था अधिक मजबूत करेगी. कार्य की प्रगति पर जताया संतोष.

Kataria gathering information about the project from officials.
अधिकारियों से परियोजना की जानकारी लेते कटारिया (ETV Bharat Udaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 4, 2026 at 6:22 PM IST

|

Updated : July 4, 2026 at 6:30 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

उदयपुर: पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने शनिवार को उदयपुर की महत्वाकांक्षी देवास-III और देवास-IV पेयजल परियोजना का निरीक्षण किया. उन्होंने परियोजना की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों से निर्माण कार्य की स्थिति पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि यह परियोजना उदयपुर के लिए भविष्य की जल सुरक्षा सुनिश्चित करने वाली महत्वपूर्ण योजना है. इसके पूरा होने के बाद वर्ष 2045 तक शहर की झीलों के खाली रहने जैसी स्थिति नहीं बनेगी.

पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने कहा, उदयपुर की पहचान उसकी झीलों से है. इनका संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. बढ़ती आबादी और पानी की बढ़ती मांग को देखते हुए देवास परियोजना शहर के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी. परियोजना पूरी होने के बाद पेयजल की उपलब्धता बेहतर होगी. झीलों पर पड़ने वाला दबाव भी घटेगा.

पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया (ETV Bharat Udaipur)

पढ़ें:परवन-अकावद पेयजल परियोजना: मंत्री सुरेश रावत का दावा, अगले मानसून के पहले करवा देंगे तैयार, बारिश में भरेंगे पानी

अधिकारियों ने राज्यपाल को बताया कि देवास-III और देवास-IV परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. विभिन्न चरणों में पाइपलाइन बिछाने, पंपिंग स्टेशन और अन्य आवश्यक संरचनाओं का कार्य जारी है. परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि यदि कार्य इसी गति से चलता रहा तो वर्ष 2028 तक परियोजना पूरी होने की संभावना है.

राज्यपाल ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता के निर्देश दिए. हिदायत दी कि निर्माण में लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों से समयबद्ध कार्य पूरा करने और तकनीकी मानकों की पालना सुनिश्चित करने को कहा. विभागीय अधिकारियों ने परियोजना की तकनीकी जानकारी दी. राज्यपाल ने कार्य की प्रगति पर संतोष जताया एवं कहा कि देवास-III और देवास-IV परियोजना के पूर्ण होने के बाद उदयपुर की पेयजल व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी.

पढ़ें: जल संकट टला: पीएईडी ठेकेदारों और सरकार के बीच समझौता, जल्द होगा भुगतान, पेयजल सप्लाई नहीं होगी बंद

Last Updated : July 4, 2026 at 6:30 PM IST