PWD अधीक्षण अभियंता का औचक निरीक्षण, मिली कई अनियमिताएं, ठेकेदार होंगे तलब
अधीक्षण अभियंता ने औचक निरीक्षण में मिली खामियों पर नाराजगी जताई. उन्होंने सख्त दिशा निर्देश दिये.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 27, 2026 at 3:28 PM IST
चमोली: नंदा देवी राजजात यात्रा के नाम से विख्यात थराली-देवाल-मुन्दोली-वाण मोटरमार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें उठ रही हैं. शिकायतों पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता (सातवां वृत, गोपेश्वर) राजेश चंद्रा ने साइट का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्हें कई अनियमितताएं मिली.
अधीक्षण अभियंता ने थराली-देवाल मोटरमार्ग पर निर्माणाधीन सुरक्षा दीवारों, नालियों तथा अन्य कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर सख्त नाराजगी जताई. लोक निर्माण विभाग थराली के अभियंताओं को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए. उन्होंने कहा सुरक्षा दीवारों एवं नालियों के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए. विशेष रूप से बंदरढोंन क्षेत्र के समीप बन रही सुरक्षा दीवारों में लापरवाही बरतने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की है.
अधीक्षण अभियंता ने स्पष्ट किया कि बंदरढोंन कि साइट का पहले सर्वे कराया जाएगा. सर्वे के बाद ही हिल साइड कटिंग करके पक्के निर्माण कार्य कराए जाएंगे. जिससे बरसात में आवाजाही में दिक्कत न हो. ठेकेदार द्वारा टेंडर को सब-लेट करने की शिकायत पर अधीक्षण अभियंता ने स्पष्ट किया कि सबलेट करने से पहले विभाग की अनुमति आवश्यक है जो नहीं ली गयी है, लिहाजा इस मामले की जांच कराई जाएगी. ठेकेदार से भी मामले की जानकारी ली जाएगी.

