ETV Bharat / state

भाजपा कार्यालय में जनसुनवाई : मंत्री राठौड़ बोले - कांग्रेस के नेता एक परिवार के धोक लगाने के लिए दिल्ली जाते थे

भाजपा कार्यालय पर हुई जनसुनवाई में उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कांग्रेस पर पलटवार किया.

भाजपा कार्यालय पर हुई जनसुनवाई
भाजपा कार्यालय पर हुई जनसुनवाई (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 2, 2025 at 5:07 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की सुनवाई के दूसरे दिन मंगलवार को उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना. दोनों मंत्रियों ने कई मामलों में मौके पर ही समाधान करते हुए संबंधित अधिकारियों को फोन कर आवश्यक निर्देश दिए. जनसुनवाई में ज्यादा अर्जियां तबादलों को लेकर थी.

उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि कुछ मामलों में मेरिट के आधार पर तबादला तय किया जाता है. आवश्यक हो तो नियमों में राहत भी दी जाती है, इसलिए जो भी संवेदनशील मामले थे उनको लेकर मुख्यमंत्री को समस्या को रेफर किया जाएगा. इसके साथ ही कुछ राहत के लिए अधिकारियों को भी निर्देशित किया है. उन्होंने इस दौरान कांग्रेस को भी जमकर निशाने पर लिया. उन्होंने कांग्रेस के तमाम आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता दिल्ली में एक परिवार के धोक लगाने जाते थे, लेकिन हम भारत सरकार से मिलने जाते हैं और प्रदेश के लिए कई सौगात लेकर आते हैं.

पढ़ें. सीएम -अध्यक्ष की PM मोदी से हुई मुलाकात, मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच कैबिनेट बैठक कल

90 कार्यकर्ताओं की सुनवाई : राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान कार्यकर्ताओं से संबंधित दस्तावेज भी एकत्रित किए गए, जिन्हें विभागीय अधिकारियों को समाधान के लिए भेजा जाएगा. दूसरे दिन करीब 90 कार्यकर्ताओं की सुनवाई की गई. पार्टी कार्यालय में आने वाले कार्यकर्ताओं से पहले एक फॉर्म भरवाया जा रहा है, जिसके आधार पर उन्हें अंदर मौजूद मंत्रियों के पास भेजा जा रहा है. जनसुनवाई के दौरान राजस्व, सीवरेज सहित कई विभागों से जुड़े मुद्दे सामने आए.

उन्होंने कहा कि सबसे अधिक शिकायतें तबादलों से संबंधित थीं. जरूरत और परिस्थितियों के अनुसार इन मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर निस्तारण कराया जाएगा. कुछ अर्जियों को मुख्यमंत्री स्तर पर राहत के लिए रेफर किया है. इसके ही एक विस्तृत सूची भी तैयार की जाएगी, जिसमें प्राथमिकता के आधार पर तबादलों पर निर्णय लिया जाएगा. उधर, जनजातीय मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि आम जन की सुनवाई के लिए पार्टी कार्यालय में जनसुनवाई का कार्यक्रम किया जा रहा है. मंत्री अपने आवास पर भी समस्याओं को सुनते हैं, लेकिन पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ता आसानी से स्थानीय लोगों की समस्याओं को लेकर पहुंच पाते हैं. सरकार की कोशिश है कि हर एक व्यक्ति को राहत दी जाए.

पढ़ें. भाजपा कार्यालय में लगने लगा मंत्री दरबार, यहां देखें कौन सा मंत्री किस दिन करेगा जनसुनवाई

कांग्रेस नेता एक परिवार के धोक लगाते : कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बार-बार दिल्ली जाने को लेकर लगाए गए आरोपों पर मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने पलटवार किया. उन्होंने कहा, भाजपा कांग्रेस की तरह नहीं है. हमारी डबल इंजन सरकार जनता और प्रदेश के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए दिल्ली जाती है, जबकि कांग्रेस सिर्फ एक परिवार के हितों की सेवा में दिल्ली का रुख करती है. कांग्रेस नेता दिल्ली एक परिवार के धोक लगाने जाते थे, हमारी सरकार केंद्रीय सरकार से मिलने जाती है और प्रदेश के लिए कई सौगातें लेकर आती है. राठौड़ ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नाकारा, निक्कमा शब्द पहले भी स्तेमाल किए, वो भी उनकी पार्टी के नेताओं के लिए, इसलिए उनका जनता से कोई सरोकार नहीं है.